अजमेर। प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत ने ग्राम राजगढ़ स्थित मसानिया भैरव धाम पर मंदिर के मुख्य उपासक चंपालाल महाराज के दर्शन कर उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया। धाम के प्रवक्ता अविनाश सेन ने बताया कि कैबिनेट मंत्री गहलोत ने मंदिर परिसर में बाबा भैरव, मां कालिका व मनोकामनापूर्ण स्तंभ की परिक्रमा की। उन्होंने अपने मंत्रालय की ओर से मुख्य उपासक चंपालाल महाराज को उनके द्वारा किए जा रहे सामाजिक सरोकार के कार्यों जैसे नशा मुक्ति जागरूकता महाअभियान, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, गौ सेवा गौ रक्षा, जल संरक्षण के लिए प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया। कैबिनेट मंत्री ने चक्की वाले बाबा के मुख्य मंदिर पर राजारानी कल्पवृक्ष जोड़े की भी परिक्रमा कर प्रदेश में खुशहाली हेतु प्रार्थना की। गहलोत ने राजगढ़ स्थित वीर तेजाजी महाराज धाम के भी दर्शन किए। मंदिर कमेटी की ओर धाम पर राहुल सेन, रमेश सेन, हिमांशु सैनी, ताराचंद आदि ने कैबिनेट मंत्री गहलोत का स्वागत किया।