अजमेर। भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति, जयपुर की अजमेर शाखा की ओर से दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सूचना केंद्र परिसर में 2 से 4 अगस्त तक आयोजित तीन दिवसीय चिह्निकरण शिविर का मंगलवार को समापन हो गया। शिविर में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन पहुंचे और उनकी आवश्यकतानुसार सहायक उपकरणों के लिए चिह्निकरण किया गया। आगामी दिनों में विशेष वितरण शिविर आयोजित कर सभी चयनित लाभार्थियों को उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। समापन समारोह में लोकपाल मनरेगा सुरेश सिंधी मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता करण सिंह जोधा ने की। श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति अजमेर शाखा के संयुक्त सचिव सुरेश मेहरा ने बताया कि शिविर में विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरणों एवं स्वरोजगार सहायता के लिए लाभार्थियों का चिह्निकरण किया गया। इनमें 81 हियरिंग एड, 7 बैसाखियां, 7 बुजुर्ग छड़ियां, 57 व्हीलचेयर, 10 ट्राइसाइकिल, एक पंजा (कृत्रिम अंग), 7 वॉकर, 2 कृत्रिम हाथ, 24 जयपुर फुट, 8 जनों को स्वरोजगार के लिए चाय का ढाबा, 3 ढाबे का सामान 15 जनों को आटा चक्की, 3 जनों को ब्लाइंड स्टिक सहित, 6 सिलाई मशीनें उपलब्ध कराने के लिए चयनित किया गया। उन्होंने बताया कि शिविर के सफल संचालन में महिला कल्याण मंडल की मीनाक्षी पंवार और ओमप्रकाश का विशेष सहयोग रहा। चिन्हित लाभार्थियों को शीघ्र ही सहायक उपकरण वितरित करने के लिए अलग से वितरण शिविर आयोजित किया जाएगा।