Toggle Test

कांग्रेस ने जारी किया Black Paper, भाजपा पर लगाया घोटालों का आरोप

अजमेर। नगर निगम चुनाव में रविवार को सियासी पारा गर्म रहा। भाजपा-कांग्रेस ने एक दूसरे पर वार-पलटवार किया। अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने भाजपा के नगर निगम में 36 साल के कार्यकाल को लेकर ‘ब्लैक पेपर’ जारी किया। कांग्रेस ने  भाजपा पर भ्रष्टाचार, कुशासन, स्मार्ट सिटी के करोड़ों रुपए के दुरुपयोग, टूटी सड़कों, बदहाल सीवरेज और शहर की समस्याओं की अनदेखी के आरोप लगाए। कांग्रेस ने जनता से इस बार नगर निगम में बदलाव का आह्वान किया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के अजमेर में रोड शो पर निशाना साधते हुए पूर्व आरटीडीसी अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री का अजमेर आना स्वागत योग्य है, लेकिन सरकार के करीब ढाई-तीन साल के कार्यकाल में अजमेर और पुष्कर के विकास के लिए क्या किया गया, इसका जवाब जनता चाहती है। उन्होंने कहा- जिस सड़क से मुख्यमंत्री का रोड शो निकला, उसकी हालत और बाजारों की सीवरेज व्यवस्था देखकर ही शहर की स्थिति समझी जा सकती है। कांग्रेस ने ब्लैक पेपर में सेवन वंडर्स और फूड कोर्ट के निर्माण पर खर्च हुए करोड़ों रुपए को लेकर सवाल उठाए। आरोप लगाया कि जनता के पैसों का सही इस्तेमाल नहीं हुआ। एनजीटी में प्रभावी पैरवी नहीं होने के कारण परियोजनाओं को नुकसान हुआ। कांग्रेस ने पूछा कि इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों और नेताओं पर क्या कार्रवाई हुई? शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल ने कहा कि नगर निगम में भाजपा का 36 साल का कार्यकाल जनता के लिए ‘काला अध्याय’ रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री के रोड शो को फ्लॉप बताते हुए आरोप लगाया कि इसमें स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं की अपेक्षित भागीदारी नहीं थी। जयपाल ने आरोप लगाया कि चुनाव आचार संहिता के दौरान कांग्रेस को डीजे की अनुमति नहीं दी जा रही, जबकि भाजपा के रोड शो में कई डीजे बजाए गए। इसे आचार संहिता का उल्लंघन बताते हुए शिकायत किए जाने की बात कही। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष विवेक पराशर, संगठन महासचिव महेंद्र चौधरी, विधानसभा प्रत्याशी रही द्रोपदी कोली, प्रदेश सचिव सुनील लारा, प्रवक्ता शैलेश गुप्ता, वरिष्ठ नेता राजेश टंडन सहित अन्य मौजूद रहे। 

Amit
Author: Amit

Leave a Comment