अजमेर।
जिले के एक सरकारी स्कूल में छात्राओं से कथित अश्लील हरकत के मामले में एक और एफआईआर दर्ज हुई है। मामले में एक और छात्रा के पिता ने थाने में रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट में स्कूल के दो शिक्षकों द्वारा छात्रा के साथ छेड़छाड़, गलत तरीके से टच करने, अश्लील हरकत करने और परीक्षा में फेल करने की धमकी देने की बात बताई है। पुलिस ने दोनों शिक्षकों के खिलाफ पोक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। छात्रा ने घर लौटने के बाद पिता को बताया कि स्कूल के दोनों शिक्षक उसके साथ गलत हरकत करते थे। आरोप है कि दोनों शिक्षक गलत तरह से शरीर को छूते थे, अकेले में मिलने के लिए कहते थे और मना करने पर परीक्षा में देख लेने और फेल करने की धमकी देते थे। दोनों शिक्षक जानबूझकर मोबाइल से छात्राओं की फोटो भी खींचते थे। छात्रा ने यह भी बताया कि इसी तरह की हरकतें अन्य छात्राओं के साथ भी हुई थीं, जिसके बाद दोनों शिक्षकों को दूसरे स्कूल भेज दिया गया। पिता ने एफआईआर में बताया कि जानकारी मिलने पर उन्होंने अन्य अभिभावकों से बात की तो पता चला कि ब्लॉक मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय में मामले की जांच चल रही थी और उनकी बेटी के भी बयान दर्ज किए गए थे। जब उन्होंने कार्यालय जाकर छात्रा के लिखित बयान की पुष्टि की तो उसमें दोनों शिक्षकों द्वारा कथित अश्लील हरकतों और ‘बेड टच’ का उल्लेख मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। इससे पहले 24 जुलाई को इसी सरकारी स्कूल में पुलिस ने बच्चों को ‘गुड टच और बैड टच’ के बारे में जानकारी दी। तब छात्राओं ने अपने घर जाकर टीचर की हरकत के बारे में बताया। छात्राओं की शिकायत के बाद परिजनों की थाने में रिपोर्ट के बाद दोनों टीचर को पहले स्कूल से हटाया गया। इसके बाद सस्पेंड कर दिया गया।







