Toggle Test

Countdown Start…. अजमेर कुछ देर में खुलेगी EVM, नगर निगम के 80 वार्डों के आयेंगे परिणाम

प्रातः 8 बजे से शुरू होगी मतगणना

अजमेर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत अजमेर नगर निगम के लिए डाले गए मतों की मतगणना राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में कुछ ही देर में शुरू होगी। मतगणना को लेकर जिला निर्वाचन विभाग द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी लोक बन्धु ने रविवार को पुलिस अधीक्षक हर्ष वर्धन अगरवाला के साथ मतगणना स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों के साथ तैयारियों को अंतिम रूप दिया। जिला निर्वाचन अधिकारी लोक बन्धु ने बताया कि मतगणना प्रातः 8 बजे से प्रारम्भ होगी। इसके लिए राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के दो भवनों में स्थापित छह कक्षों में मतों की गणना की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने तथा मतगणना प्रक्रिया को पूरी गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ सम्पन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मतगणना से संबंधित सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान के लिए डीओआईटी एवं सांख्यिकी विभाग के कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। मीडिया सेंटर के माध्यम से मतगणना से संबंधित जानकारी लगातार उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि मतगणना स्थल पर यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की गई है। माखुपुरा चौराहे से पूर्व यातायात को आवश्यकतानुसार डायवर्ट किया जाएगा। वाहनों की पार्किंग के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है तथा निर्धारित अलग-अलग स्थानों पर वाहन पार्क किए जाएंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी लोक बन्धु ने अधिकारियों एवं मतगणना कार्मिकों को अपने दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी से निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतगणना प्रक्रिया के दौरान आदर्श आचार संहिता की पूर्ण पालना सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विजयी प्रत्याशी विजय जुलूस नहीं निकाल सकेंगे।

Amit
Author: Amit

Leave a Comment