विद्युत सुरक्षा एवं बिजली चोरी रोकथाम को लेकर किया गया जागरूक
अजमेर 25 जून। ग्रामीण सेवा शिविर-2026 आमजन को विभिन्न विभागीय सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। अजमेर विद्युत वितरण निगम लि
मिटेड AVVNL (अजमेर डिस्कॉम) द्वारा उपभोक्ताओं की समस्याओं का मौके पर निस्तारण करते हुए उन्हें विद्युत संबंधी विभिन्न सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया। कनिष्ठ अभियंता कल्पना तिवारी ने कायमपुरा गगवाना में आयोजित शिखर की प्रगति के बारे में बताया कि कुल 15 प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई की गई। शिविर में नवीन विद्युत कनेक्शन जारी करने में विलम्ब, लोड संबंधी समस्याओं, त्रुटिपूर्ण विद्युत बिलों, दोषपूर्ण मीटरों तथा विद्युत आपूर्ति में व्यवधान से जुड़ी शिकायतों का त्वरित निराकरण किया गया। इसके साथ ही जले हुए ट्रांसफार्मरों के प्रतिस्थापन, ढीले तारों को व्यवस्थित करने, आवासों एवं राजकीय विद्यालयों के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइनों से संबंधित प्रकरणों पर भी आवश्यक कार्रवाई की गई।शिविर में मांग-पत्र राशि जमा कराने वाले पात्र आवेदकों को विद्युत कनेक्शन प्रदान किए गए तथा विभिन्न लंबित प्रकरणों का मौके पर निस्तारण कर उपभोक्ताओं को राहत दी गई। निगम अधिकारियों ने वीसीआर असेसमेंट कमेटी एवं अन्य समझौता समितियों द्वारा जारी निर्णयों की जानकारी भी आमजन को उपलब्ध कराई।
विद्युत सुरक्षा एवं बिजली चोरी पर विशेष जागरूकता
शिविर के दौरान Ajmer Discom के जनसंपर्क अधिकारी सतीश सोनी एवं कनिष्ठ अभियंता कल्पना तिवारी ने आमजन को विद्युत सुरक्षा एवं बिजली चोरी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने विद्युत उपकरणों के सुरक्षित उपयोग, ओवरलोडिंग से बचाव, ढीले तारों एवं विद्युत दुर्घटनाओं से सुरक्षा के उपायों के बारे में विस्तार से बताया।
अधिकारियों ने बताया कि बिजली चोरी न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि इससे विद्युत व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अधिकृत विद्युत कनेक्शन का ही उपयोग करने तथा बिजली चोरी की सूचना निगम को देने का आह्वान किया। शिविर में बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने भाग लेकर अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त किया। उपभोक्ताओं ने एक ही स्थान पर विद्युत सेवाओं का लाभ मिलने तथा शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर संतोष व्यक्त करते हुए AVVNL के प्रयासों की सराहना की। निगम अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से सुरक्षित, जिम्मेदार एवं ऊर्जा-संरक्षण आधारित विद्युत उपयोग अपनाने की अपील की।




