IND vs AFG: क्रिकेट मैदान पर रचा गया इतिहास, राष्ट्रगान से पहले गूंजा पूरा ‘वंदे मातरम्’

नई दिल्ली/अजमेर , भारत और अफगानिस्तान के बीच रविवार, 13 सितंबर को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले की शुरुआत एक ऐतिहासिक और भावपूर्ण पल के साथ हुई। भारतीय टीम के घरेलू अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में पहली बार राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ से पहले राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का प्रस्तुतीकरण किया गया।
मैच शुरू होने से पहले जब स्टेडियम में ‘वंदे मातरम्’ की धुन गूंजी तो कई दर्शक और मीडिया प्रतिनिधि भी इस बदले हुए क्रम को देखकर हैरान नजर आए। रिपोर्ट के मुताबिक, ‘वंदे मातरम्’ के सभी छह छंद प्रस्तुत किए गए। इसके बाद भारत और अफगानिस्तान के राष्ट्रगान बजाए गए।
क्यों हुआ यह बदलाव?
यह क्रम केंद्र सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप है। गृह मंत्रालय ने 28 जनवरी 2026 को ‘वंदे मातरम्’ के प्रस्तुतीकरण को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए थे। इनके अनुसार, जिन अवसरों पर राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान दोनों प्रस्तुत किए जाते हैं, वहां पहले ‘वंदे मातरम्’ और उसके बाद ‘जन गण मन’ का प्रस्तुतीकरण किया जाना है।
भारत-अफगानिस्तान मुकाबला बना यादगार
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में आयोजित हुआ। मैच से पहले दोनों देशों की मित्रता को दर्शाने के लिए विशेष आयोजन भी किए गए। भारतीय टीम की ओर से अफगानिस्तान को एक विशेष जर्सी भेंट की गई और टॉस के लिए भी खास सिक्के का इस्तेमाल किया गया।
लेकिन क्रिकेट की प्रतिस्पर्धा शुरू होने से पहले ‘वंदे मातरम्’ की गूंज ने इस मुकाबले को एक अलग पहचान दे दी। भारतीय क्रिकेट के घरेलू अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में इस नई परंपरा की शुरुआत के कारण यह मैच क्रिकेट के साथ-साथ एक ऐतिहासिक सांस्कृतिक क्षण के रूप में भी याद रखा जाएगा।
शुभदा शक्ति न्यूज़ | नि:शक्त की शक्ति





