जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने कहा विकास की यह यात्रा निरंतर जारी रहेगी
अजमेर। राजस्थान सरकार के जल संसाधन मंत्री तथा पुष्कर विधायक सुरेश सिंह रावत ने आज अजमेर शहर के वार्ड संख्या 61 एवं आसपास के क्षेत्रों में लगभग 410.08 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुए विभिन्न जनहितकारी विकास कार्यों का लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को समर्पित किया। इस अवसर पर क्षेत्रवासियों ने मंत्री जल संसाधन मंत्री तथा पुष्कर विधायक सुरेश सिंह रावत का 51 किलो की विशाल माला पहनाकर एवं गदा भेंट कर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन* किया तथा विकास कार्यों के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
जल संसाधन मंत्री तथा पुष्कर विधायक सुरेश सिंह रावत ने जिन विकास कार्यों का लोकार्पण किया, उनमें कृष्णा विहार कॉलोनी, कांकरदा भुनाबाय में 70.90 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क एवं नाली निर्माण, भुनाबाय से भुना जी मंदिर तक ₹65.89 लाख की सड़क, वार्ड संख्या 61 स्थित विनायक विहार कॉलोनी में ₹17.84 लाख रुपये की लागत से नाले एवं पुलिया का निर्माण/नवीनीकरण, खनिज विभाग के सहकार भवन तक ₹29 लाख रुपये की सड़क, भूनाबाय हथाई में ₹5.45 लाख रुपये की लागत से पेवर ब्लॉक निर्माण, पार्षद गीता देवी के मकान से बालाजी मंदिर तक ₹42 लाख की सीसी सड़क, भूणाबाय पथवारी से पूजा रावत के मकान तक ₹24 लाख की सीसी सड़क, कांकरिया में रमेश डोई के मकान से किशन नलिया के मकान तक ₹30 लाख की लागत से सीसी सड़क एवं नाली निर्माण, बंदिया में जल संसाधन विभाग से ₹67 लाख रुपये की लागत से नाला निर्माण, चाच्यातों की ढाणी में ₹28 लाख रुपये की रपट निर्माण तथा बंदिया में शिवाजी मंदिर क्षेत्र की तीन गलियों में ₹30 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क निर्माण* जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। इस अवसर पर मंत्री सुरेश सिंह रावत ने कहा कि “विकास केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि आमजन के जीवन को अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित और बेहतर बनाने का माध्यम है। प्रदेश सरकार की मंशा है कि प्रत्येक मोहल्ले, प्रत्येक गाँव और प्रत्येक वार्ड तक गुणवत्तापूर्ण आधारभूत सुविधाएँ पहुँचे, जिससे नागरिकों का जीवन स्तर निरंतर बेहतर हो।” उन्होंने कहा कि सड़क, नाली एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि स्वच्छता, जल निकासी एवं शहरी सुविधाओं में भी उल्लेखनीय सुधार आएगा। राज्य सरकार मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है और पुष्कर विधानसभा क्षेत्र में भी विकास कार्यों की श्रृंखला निरंतर जारी है। मंत्री रावत ने क्षेत्रवासियों द्वारा दिए गए स्नेह एवं सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि 51 किलो की माला एवं गदा केवल सम्मान का प्रतीक नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता के विश्वास, स्नेह और विकास के प्रति उनके सहयोग का परिचायक है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जनता के इस विश्वास पर सदैव खरा उतरते हुए क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहेंगे। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष जीतमल प्रजापत, मंडल अध्यक्ष खोड़ा गणेश सुरजीत सिंह रावत, पूर्व मंडल अध्यक्ष महेन्द्र सिंह रावत, पार्षद गीता देवी, जिला महामंत्री अर्जुन नलिया, जिला उपाध्यक्ष नरेन्द्र सिंह चुंडावत, भाजपा नेता अर्जुन सिंह रावत, सरपंच दोराई हंसराज चौधरी, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष किसान मोर्चा भाजपा नेता राजेन्द्र सिंह रावत सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।