बच्चों की कई समस्याओं में काम आएंगे दादी मां के ये 6 घरेलू नुस्खे, एक्सपर्ट से जानें कब-कैसे करें इस्तेमाल
बच्चों की कई समस्याओं में बरसों से अपनाएं जा रहे घरेलू नुस्खे काफी फायदेमंद हो सकते हैं। आइए लेख में जानें इस बारे में।

बच्चों की कई समस्याओं में काम आएंगे दादी मां के ये 6 घरेलू नुस्खे, एक्सपर्ट से जानें कब-कैसे करें इस्तेमाल
बड़ों की तुलना में बच्चों की इम्यूनिटी काफी कमजोर होती है। इस कारण मौसम बदलने पर बच्चे जल्दी बीमार होने लगते हैं। वहीं बढ़ती उम्र के दौरान बच्चे के शरीर में कई बदलाव आते हैं, इसलिए ही 1 साल की उम्र तक ज्यादा ध्यान देने की जरूरत होती है। शिशुओं को अधिकतर पेट दर्द, कब्ज, दस्त और सर्दी-जुकाम जैसी समस्याएं हो जाती हैं। ऐसे में बरसों पुराने दादी-नानी के नुस्खे फायदेमंद साबित हो सकते हैं। दरअसल, इन नुस्खों में प्राकृतिक चीजें इस्तेमाल होती हैं और प्राकृतिक तरीके से ही इलाज किया जाता है। ऐसे ही कुछ घरेलू उपायों पर बात करते हुए डाइट एंड लाइफस्टाइल कंसल्टेंट और न्यूट्रिशनिस्ट रमिता कौर ने अपने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर किया है। आइए इस लेख के माध्यम से समझें इस बारे में।
पेट दर्द या गैस की समस्या
शिशुओं में पेट दर्द की समस्या बहुतp आम होती है। इसका पता बच्चे के रोने से लगाया जा सकता है। दरअसल, पेट में गैस बनने से बच्चे में दर्द होने लगता है, इस कारण बच्चे का पेट फूला हुआ भी लगता है। ऐसे में आप हींग और पानी के घोल का इस्तेमाल कर सकते हैं। एक चम्मच पानी में जरा-सी हींग मिलाएं और इस मिक्सचर को बच्चे के पेट पर लगाएं।

बच्चे को दस्त लगना
छोटे बच्चे को कब्ज और दस्त की समस्या होना आम बात है। कई बार कुछ चीजें बच्चे को पच नहीं पाती हैं। ऐसे में बच्चे के पाचन पर असर पड़ता है, जो दस्त होने का कारण बन जाता है। अगर बच्चे की उम्र छह माह से अधिक है, तो आप उसे केले और घी का मिक्सचर दे सकते हैं। इसके लिए आपको बाउल में एक केला, घी और थोड़ी इलायची व जायफल मिलाना है। इस मिक्सचर को थोड़ा-थोड़ा करके बच्चे को खिलाएं।
बच्चो को कब्ज होना
छोटे बच्चों को खाना न पचने पर कब्ज की समस्या हो सकती हैं। अगर बच्चे की उम्र छह माह से अधिक है, तो ऐसे में आप दूध और घी का नुस्खा अपना सकते हैं। इसके लिए आपको बच्चे को सोने से पहले दूध में एक चम्मच घी डालकर देना है। साथ ही भीगी हुई किशमिश का पानी भी बच्चे के लिए असरदार हो सकता है।

जी मिचलाना या पेट दर्द
जी मिचलाने या पेट दर्द की समस्या में यह काफी पुराना नुस्खा है। अगर बच्चे की उम्र 1 साल से अधिक है, तो आप यह नुस्खा अपना सकते हैं। इसके लिए आपको एक इंच अदरक को कद्दुकस करके इसका रस निकालना है। अब इसमें एक चम्मच शहद मिलाकर बच्चे को दिन में 2 से 3 बार देना है।
बच्चे को सर्दी-खांसी होना
शिशुओं को सर्दी-जुकाम की समस्या काफी जल्दी हो जाती है। अगर आपके बच्चे की उम्र 6 माह से अधिक है, तो आप अजवाइन का नुस्खा अपना सकते हैं। आपको अजवाइन को सूखा भूनकर कॉटन के कपड़े पर रखना है। अब इसे बच्चे की छाती और कमर पर मलें, इससे बच्चे को जल्द राहत मिलेगी|

बच्चे को बुखार होना
छोटे बच्चे को बुखार की समस्या बार-बार हो सकती है। इस नुस्खे को एक साल से बड़ी उम्र के बच्चे के लिए किया जा सकता है। इसके लिए आपको 2 काली मिर्च, 2 तुलसी के पत्ते और एक चम्मच शहद को मिलाकर पेस्ट तैयार करना है। अब इसे बच्चे को 2 से 3 बार बच्चे को दें।
एक्सपर्ट के बताए इन तरीकों से बच्चों में कई स्वास्थ्य समस्याओं का इलाज हो सकता है। अगर इन उपायों के बावजूद बच्चें की समस्या ठीक नहीं हो रही है, तो बिना देरी किये डॉक्टर से संपर्क करें।