दून में प्रदेश का पहला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र शुरू
देहरादून के गांधी अस्पताल में प्रदेश के पहले दिव्यांग पुनर्वास केंद्र की शुरुआत की गई है। अब दिव्यांगों को एक ही छत के नीचे फिजियोथेरेपी, मनोवैज्ञानिक सलाह, दिव्यांग प्रमाण पत्र और कृत्रिम अंग मिलने समेत तमाम सुविधाएं मिल सकेंगी।

बुधवार को दिव्यांग पुनर्वास केंद्र का उद्घाटन मेयर सौरभ थपलियाल, विधायक खजान दास, जिलाधिकारी सविन बंसल और पार्षद सुनीता मंजखोला ने किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सौरभ थपलियाल ने कहा कि उत्तराखंड में पहला आधुनिक जिला दिव्यांगजन पुनर्वास केंद्र की शुरुआत होने से दिव्यांगों को राहत मिलेगी। दिव्यांगों को एक छत के नीचे ही सभी जरूरी सेवाएं मिल सकेंगी। मेयर ने दिव्यांग पुनर्वास केंद्र के हेल्पलाइन नंबर 8077386815 का भी अनावरण किया।
कार्यक्रम के दौरान दिव्यांग अनिल कुमार ढौंडियाल और नीरज बिष्ट को कान की मशीन प्रदान की। वहीं प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दिव्यांग छात्रों को पुरस्कार भी प्रदान किया गया। जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि यहां पर दिव्यांगजनों को प्रमाणपत्र, यूडीआईडी कार्ड आदि सुविधाएं मिलेंगी।