
भारत में इलेक्ट्रिक व्हीकल्स (EV) की मांग तेज़ी से बढ़ रही है, और जुलाई 2025 के रिटेल बिक्री के आंकड़े इस रुझान को और मजबूत करते हैं। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशंस (FADA) की ताज़ा रिपोर्ट के अनुसार, इलेक्ट्रिक पैसेंजर व्हीकल्स की बिक्री में सालाना आधार पर 93% की जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
टाटा मोटर्स ने मारी बाजी
जुलाई 2025 में कुल 15,528 इलेक्ट्रिक पैसेंजर व्हीकल्स रजिस्टर्ड हुए, जो पिछले साल जुलाई में दर्ज 8,037 यूनिट्स की तुलना में लगभग दोगुना है। इस सेगमेंट में टाटा मोटर्स सबसे आगे रही, जिसकी बिक्री जुलाई में 6,047 यूनिट्स तक पहुंच गई — यह पिछले साल की तुलना में 19% की वृद्धि है (जुलाई 2024 में 5,100 यूनिट्स)।
टू-व्हीलर सेगमेंट में मामूली गिरावट
इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर की बिक्री में हल्की गिरावट देखने को मिली। जुलाई 2025 में 1,02,973 यूनिट्स बिके, जो पिछले साल की तुलना में 4% कम हैं (जुलाई 2024 में 1,07,655 यूनिट्स)। हालांकि, इस सेगमेंट में TVS मोटर कंपनी ने अच्छा प्रदर्शन किया और 22,256 यूनिट्स की बिक्री के साथ 13% की सालाना ग्रोथ दर्ज की।
कमर्शियल व्हीकल सेगमेंट ने दिखाई दमदार ग्रोथ
इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर मार्केट ने भी अच्छा प्रदर्शन किया और जुलाई 2025 में 69,146 यूनिट्स रजिस्टर्ड हुए, जो पिछले साल की तुलना में 9% ज्यादा है। इस सेगमेंट में महिंद्रा ग्रुप सबसे आगे रहा, जिसने 9,766 यूनिट्स की बिक्री के साथ 40% की सालाना वृद्धि दर्ज की।