अजमेर। भारतीय डाक विभाग द्वारा आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। अब अजमेर प्रधान डाकघर एवं मदनगंज-किशनगढ़ प्रधान डाकघर में प्रत्येक रविवार को भी आधार संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों, कामकाजी नागरिकों, वरिष्ठ नागरिकों एवं अन्य शहरवासियों को अवकाश के दिन आधार नामांकन, आधार अद्यतन तथा अन्य आधार संबंधी सेवाओं का लाभ सहजता से उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें कार्यदिवसों में समय निकालने में होने वाली कठिनाइयों का सामना न करना पड़े। इसके अतिरिक्त, शहर के सभी विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों को सूचित किया जाता है कि वे अपने विद्यार्थियों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट के लिएपरिसर में विशेष आधार शिविर आयोजित कराने के लिए प्रवर अधीक्षक, डाकघर, अजमेर मंडल को अनुरोध प्रस्तुत कर सकते हैं। विभाग द्वारा प्राप्त अनुरोधों के आधार पर आवश्यकतानुसार आधार शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिससे विद्यार्थियों को संस्थान परिसर में ही आधार सेवाओं का लाभ मिल सके। प्रवर अधीक्षक डाकघर, अजमेर मंडल श्री देवीलाल सहारन ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाएं तथा आधार संबंधी आवश्यक कार्य समय पर पूर्ण कराएं।