Toggle Test

विनय क्वात्रा ने सिएटल में भारतीय वाणिज्य दूतावास के नए भवन का उद्घाटन

 

 

 

अमेरिका के सिएटल शहर में भारतीय वाणिज्य दूतावास के नए भवन का उद्घाटन भारत के राजदूत विनय क्वात्रा ने किया। इस अवसर पर वॉशिंगटन राज्य के गवर्नर बॉब फर्ग्यूसन, अमेरिकी सीनेटर मारिया कैंटवेल और सिएटल के मेयर ब्रूस हैरेल सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

 

नया दूतावास भवन 1015 सेकेंड एवेन्यू स्थित ऐतिहासिक फेडरल रिजर्व बिल्डिंग में बनाया गया है। 1951 से 2008 तक यह इमारत सैन फ्रांसिस्को फेडरल बैंक की शाखा रही थी और 2013 में इसे नेशनल रजिस्टर ऑफ हिस्टोरिक प्लेसेज में शामिल किया गया। अब इस भवन के पहले फ्लोर पर वीज़ा और पासपोर्ट जैसी कांसुलर सेवाएं उपलब्ध होंगी, जबकि 11वें फ्लोर पर प्रशासनिक और वाणिज्यिक कार्य होंगे।

 

उद्घाटन समारोह के बाद राजदूत क्वात्रा ने भारतीय-अमेरिकी समुदाय के सदस्यों, टेक्नोलॉजी सेक्टर के वरिष्ठ प्रतिनिधियों और भारतीय मूल के निर्वाचित अधिकारियों से भी मुलाकात की।

 

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जून 2023 में अमेरिका में छठे भारतीय वाणिज्य दूतावास की स्थापना की घोषणा की थी। नवंबर 2023 से यह अस्थायी रूप से संचालित हो रहा था। जुलाई 2024 से अब तक इस काउंसलेट से वॉशिंगटन, ओरेगन, अलास्का, इडाहो, मोंटाना, नॉर्थ डकोटा, साउथ डकोटा, वायोमिंग और नेब्रास्का सहित 9 अमेरिकी राज्यों के 23,722 से अधिक आवेदकों को सेवाएं प्रदान की जा चुकी हैं।

sshakti
Author: sshakti

Leave a Comment