Toggle Test

अजमेर में देव आनंद की याद में सजेगी सुरों की सुनहरी महफिल

देव आनंद की जयंती पर अजमेर में सजेगी सुरों की महफिल, ‘खोया-खोया चांद’ से गूंजेगा गांधी भवन पार्क

 11 स्टार क्लब का संगीतमय आयोजन  कल 26 सितंबर शनिवार को, शहर के प्रसिद्ध कलाकार देंगे देव साहब के सदाबहार गीतों की प्रस्तुति; प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क

अजमेर। हिंदी सिनेमा के सदाबहार अभिनेता और फिल्मकार देव आनंद की जन्म जयंती पर अजमेर में उनके यादगार गीतों से सजी विशेष संगीत संध्या आयोजित की जाएगी। 11 स्टार क्लब, आदर्श नगर की ओर से यह कार्यक्रम  कल (शनिवार, 26 सितंबर 2026) को शाम 6:30 से रात 8:30 बजे तक गांधी भवन पार्क, आदर्श नगर में होगा।

कार्यक्रम संयोजक पीयूष गुप्ता ने बताया कि संगीत संध्या के लिए देव आनंद की अभिनीत और निर्देशित फिल्मों के चुनिंदा मधुर गीतों की विशेष माला तैयार की गई है। इन सदाबहार नगमों को अजमेर के जाने-माने गायक अपनी आवाज में प्रस्तुत करेंगे। आयोजन में 14 पुरुष और तीन महिला गायकों को प्रस्तुति का अवसर दिया गया है।

कार्यक्रम में कुल 14 गीत प्रस्तुत किए जाएंगे, जिनमें 11 एकल और तीन युगल गीत शामिल हैं। संगीत प्रेमियों के लिए ‘खोया-खोया चांद’ गीत की सैक्सोफोन पर प्रस्तुति विशेष आकर्षण रहेगी। वहीं, लोकप्रिय गीत ‘अभी ना जाओ छोड़कर’ को इलेक्ट्रॉनिक गिटार के साथ नए अंदाज में दर्शकों के सामने प्रस्तुत करने का प्रयास किया जाएगा।

संगीत संध्या का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना से होगा। इसके बाद भारतीय सिनेमा में देव आनंद के योगदान और उनके जीवन-सफर का संक्षिप्त परिचय दिया जाएगा। अपनी खास संवाद अदायगी, आकर्षक व्यक्तित्व और सदाबहार अंदाज के कारण देव आनंद आज भी सिनेप्रेमियों के दिलों में बसे हुए हैं। ‘गाइड’, ‘ज्वेल थीफ’, ‘हरे रामा हरे कृष्णा’, ‘हम दोनों’ और ‘काला पानी’ जैसी फिल्मों ने उन्हें भारतीय सिनेमा का अविस्मरणीय सितारा बनाया।

कार्यक्रम का संचालन पीयूष गुप्ता करेंगे। समापन पर 11 स्टार क्लब, आदर्श नगर के अध्यक्ष एन.के. यादव सभी कलाकारों का आभार व्यक्त करते हुए उनका माल्यार्पण करेंगे और स्मृति चिह्न भेंट करेंगे।

क्लब ने देव आनंद के प्रशंसकों और शहर के समस्त संगीत प्रेमियों को कार्यक्रम में शामिल होने का खुला निमंत्रण दिया है। आयोजन में प्रवेश के लिए किसी प्रकार के टिकट अथवा पास की आवश्यकता नहीं होगी।

APOORV SEN
Author: APOORV SEN

Leave a Comment