Toggle Test

एसिड से खाने की नली में हुआ छेद, JLN के चिकित्सकों ने सर्जरी कर बड़ी आंत से बनाया नया रास्ता, 10 घंटे चला ऑपरेशन

अजमेर।  जेएलएन अस्पताल में एक युवक का सफल ऑपरेशन किया है। ब्यावर निवासी युवक ने करीब छह माह पहले तेजाब पी लिया था। इससे गले और खाने की नली में छेद हो गए और आमाशय सिकुड़ गया।खाना-पानी निगलना मुश्किल होने पर परिजन उसे जेएलएन अस्पताल लेकर आए। जांच के बाद सर्जरी टीम ने दो चरणों में उपचार किया। पहले चरण में छोटी आंत में रास्ता बनाकर मरीज को पोषण दिया गया। तीन महीने बाद अगस्त में दूसरी सर्जरी की गई। ऑपरेशन करीब 10 घंटे चला। बड़ी आंत से खाने के लिए नया रास्ता बनाया गया। आंत को 8 जगह से काटकर छाती के अंदर से रास्ता बनाते हुए गर्दन तक जोड़ा गया। सिकुड़ी हुई खाने की नली और आमाशय को बाइपास किया गया। गैस्ट्रो सर्जन डॉ. विजय सैनी ने बताया-गले में छेद के कारण वहां से खाना देने पर जलन की आशंका थी। इसलिए पेट में छेद कर नली लगाई गई और छह माह तक इसी से लिक्विड दिया गया। मंगलवार को पहली बार मरीज को सामने लाया गया। डॉक्टरों के अनुसार वह अब स्वस्थ है और नियमित काम कर रहा है। उपअधीक्षक डॉ. अमित यादव ने बताया-ऑपरेशन मा योजना में निःशुल्क किया गया। टीम में एचओडी डॉ. रेखा माहेश्वरी, प्रो. डॉ. श्याम भूतड़ा, डॉ. शिव कुमार बुनकर, गैस्ट्रो एचओडी डॉ. एमपी शर्मा, एनेस्थीसिया एचओडी डॉ. अरविन्द खरे, डॉ. पूजा रावत, डॉ. रतन, डॉ. दीपिका, डॉ. गर्वित, डॉ. नितिका, डॉ. पवन व डॉ. अंकित शामिल रहे।

Amit
Author: Amit

Leave a Comment