स्पीकर हैल्पडेस्क के दो साल पूरे, 15 हजार मरीजों को मिला उपचार
श्री देवनानी बोले, जीवन की अंतिम सांस तक अजमेर की सेवा में रहूंगा
आमजन का स्नेह देख भावुक हुए देवनानी, डॉक्टर्स से बोले- लोगों की सेवा करो, ईश्वर खूब देगा
अजमेर। अजमेर का जेएलएन अस्पताल सोमवार को चिकित्सा, सेवा, प्रार्थना और भावुकता के अनूठे संगम का साक्षी बना। मौका था ‘‘स्पीकर हैल्प डेस्क’’ के दो साल पूरे होने का। इन दो सालों में हैल्प डेस्क से लाभ पाने वाले मरीज और परिजनों ने अपने भावुक अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि जब हम सरकारी अस्पताल में आए तो अपने परिजन की तबियत और यहां की सेवाओं को लेकर आशंकित थे। लेकिन जैसे ही हैल्प डेस्क पहुंचे, वहां मौजूद स्टाफ की तत्परता ने सब कुछ आसान कर दिया। किसी की मां को तुरंत उपचार से जीवन दान मिला तो किसी का बेटा स्वस्थ होकर घर लौट आया। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी को दुआएं दी। लोगों का स्नेह देखकर स्पीकर भी भावुक हो गए। वे बोले मेरी हर सांस अजमेर और यहां के लोगों के लिए। जब तक जीउंगा, यहां की सेवा में रहूंगा।
संभाग के सबसे बड़े जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय में वर्ष 2024 में शुरू हुई ‘‘स्पीकर हैल्प डेस्क’’ के दो वर्ष पूर्ण होने पर सोमवार को डॉ. भीमराव अम्बेडकर सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है कि वह मानवता की सेवा में अपना सर्वोत्तम योगदान दें। मानव सेवा को ही माधव सेवा कहा गया है। अजमेर उत्तर के विधायक होने के नाते पिछले 22 सालों में हमने प्रयास किया है कि किसी पीड़ित या जरूरतमंद को खाली नहीं लौटाया जाए। सबसे ज्यादा संख्या में लोग चिकित्सा संबंधी सहायता के लिए आकांक्षी होते हैं। विधानसभा अध्यक्ष बनते ही मैंने ‘‘स्पीकर हैल्प डेस्क’’ शुरू कर लोगों को इतने बड़े अस्पताल में सही समय पर सही चिकित्सक के माध्यम से उपचार दिलाने का प्रयास किया। पिछले दो सालों में करीब 15 हजार लोगों को इस डेस्क से सहायता मिली है।
विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश व मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। अजमेर भी विकास की इस रफ्तार में बराबर बढ़ रहा है। सैकड़ों करोड़ रूपए से स्वास्थ्य सेवाओं का विकास किया जा रहा है। शहर अध्यक्ष श्री रमेश सोनी ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष के नेतृत्व में सिर्फ चिकित्सा ही नहीं हर क्षेत्र में अजमेर आगे बढ़ रहा है। कतार में अंतिम व्यक्ति तक हम राहत पहुंचा रहे हैं।
और भावुक हो गए देवनानी
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में हैल्प डेस्क से राहत प्राप्त करने वाले लोग आए। उन्होंने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पताल और अपनों की खराब तबियत के कारण वो काफी तनाव में थे। लेकिन हैल्प डेस्क पर जाते ही वहां बैठक चिकित्साकर्मियों ने न सिर्फ उन्हें मार्गदर्शन दिया बल्कि वे उन्हें सही चिकित्सक के पास लेकर भी गए। टीम ने उपचार शुरू होने से वहां बैठे चिकित्साकर्मियों ने न सिर्फ उन्हें मार्गदर्शन दिया बल्कि वे उन्हें सही चिकित्सक के पास लेकर भी गए। टीम ने उपचार शुरू होने से डिस्चार्ज होने तक फीडबैक लिया। सरकारी अस्पताल के बारे में उनकी धारणा बदल गई। उन्होंने श्री देवनानी को खूब दुआएं दी।
इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी बोले तो उनका गला रूंध गया। वे बोले ‘‘चिकित्सक भगवान का दूसरा रूप हैं, वे अपनी ड्यूटी और प्रेक्टिस के साथ ही पीड़ित मानवता की सेवा भी करें। उन्होने वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एस.के. अरोड़ा का उदाहरण देते हुए कहा कि उनसे प्रेरणा लेकर अजमेर के डॉक्टर्स भी सेवा भाव सीखें। मरीज से व्यवहार और जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क परामर्श और उपचार उन्हें मरीज व उनके परिजनों की दृष्टि में सदैव सम्मानीय बनाए रखता है। श्री देवनानी ने कहा कि ‘‘ईश्वर से प्रार्थना है कि सदैव स्वस्थ रहूं। जीवन की अंतिम सांस तक अजमेर व अजमेर के लोगों की सेवा करता रहूंगा। उन्होंने सभी से अपील की है कि पीड़ित मानवता की सेवा में सदैव जुटे रहें। इस दौरान भाजपा अध्यक्ष रमेश सोनी, महामंत्री राजेश शर्मा, मंडल अध्यक्ष रचित कछवा, सागर आनंद राव सहित अन्य उपस्थित रहे।