Toggle Test

“जन-जन का विश्वास, भयमुक्त पुष्कर – अपराधमुक्त राजस्थान” का संकल्प साकार कर रही है सरकार- रावत

जल संसाधन मंत्री एवं पुष्कर विधायक सुरेश सिंह रावत ने किया पालरा में नवनिर्मित पुलिस चौकी का लोकार्पण

अजमेर। राजस्थान सरकार के जल संसाधन मंत्री एवं पुष्कर विधायक सुरेश सिंह रावत ने शनिवार को पालरा में नवनिर्मित पुलिस चौकी का लोकार्पण करते हुए कहा कि प्रदेश में सुशासन, सुदृढ़ कानून व्यवस्था और जनसुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि “जन-जन का विश्वास, भयमुक्त पुष्कर – अपराधमुक्त राजस्थान” माननीय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का स्पष्ट संकल्प है, जिसे राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ धरातल पर उतार रही है।

अपने संबोधन में मंत्री सुरेश सिंह रावत ने कहा कि किसी भी प्रदेश की वास्तविक प्रगति केवल आधारभूत विकास कार्यों से नहीं, बल्कि मजबूत कानून व्यवस्था, सुरक्षित वातावरण और जनता के विश्वास से मापी जाती है। जब नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस करता है, तभी उद्योग, व्यापार, शिक्षा, पर्यटन और निवेश को नई गति मिलती है तथा समाज में शांति, सौहार्द और समृद्धि का वातावरण बनता है। उन्होंने कहा कि पालरा क्षेत्र राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ा होने के साथ-साथ तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक क्षेत्र के रूप में अपनी विशेष पहचान बना चुका है। बढ़ती औद्योगिक गतिविधियों, यातायात और जनसंख्या को देखते हुए यहाँ प्रभावी पुलिस व्यवस्था समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता थी। इसी उद्देश्य से नवीन पालरा पुलिस चौकी की स्थापना की गई है। मंत्री श्री रावत ने कहा कि इस पुलिस चौकी के संचालन से क्षेत्रवासियों को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध होगी। राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुर्घटनाओं की स्थिति में शीघ्र राहत एवं बचाव कार्य संभव हो सकेगा, यातायात व्यवस्था अधिक सुदृढ़ होगी तथा अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा। साथ ही औद्योगिक क्षेत्र, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और आमजन की सुरक्षा को भी नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास को केवल आधारभूत संरचनाओं तक सीमित नहीं रखती, बल्कि सुरक्षा, सुशासन और जनविश्वास को भी समान महत्व देती है। इसी सोच के अनुरूप पुष्कर विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में निरंतर विकास कार्य कराए गए हैं। मंत्री सुरेश सिंह रावत ने बताया कि पालरा क्षेत्र में सड़क निर्माण, पेयजल परियोजनाओं का विस्तार, विद्यालयों में अतिरिक्त कक्ष एवं पुस्तकालयों का निर्माण, उप स्वास्थ्य केन्द्रों का विकास, सार्वजनिक सुविधाओं का विस्तार तथा RIICO औद्योगिक क्षेत्र के आधारभूत ढाँचे को मजबूत करने जैसे अनेक महत्वपूर्ण कार्य सम्पन्न हुए हैं, जिन्होंने क्षेत्र के विकास को नई दिशा प्रदान की है। उन्होंने कहा कि बड़लिया को नवीन पंचायत समिति का दर्जा मिलना क्षेत्र के प्रशासनिक सशक्तीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। मंत्री इससे आमजन को विभिन्न शासकीय सेवाएँ स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी, विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में गति आएगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी। रावत ने राजस्थान पुलिस के अधिकारियों एवं जवानों की सराहना करते हुए कहा कि राजस्थान पुलिस केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने वाली संस्था नहीं, बल्कि समाज के विश्वास, सेवा और सुरक्षा की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से कानून का सम्मान करने, यातायात नियमों की पालना करने, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा के प्रति सजग रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील करते हुए कहा कि “सुरक्षित समाज का निर्माण केवल सरकार या पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के अंत में मंत्री श्री सुरेश सिंह रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार सुशासन, सुरक्षा और सर्वांगीण विकास के संकल्प को निरंतर आगे बढ़ा रही है। उन्होंने उपस्थित जनसमूह का आह्वान करते हुए कहा आइए, हम सब मिलकर माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा जी के इस संकल्प को जन-जन का अभियान बनाएँ।  इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक डॉ. रवि, पुलिस अधीक्षक अजमेर हर्षवर्धन अग्रवाला, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारीगण, जनप्रतिनिधिगण, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Amit
Author: Amit

Leave a Comment