
नई दिल्ली।
देश के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान ने आज राष्ट्रवासियों को भरोसा दिलाते हुए कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर अभी भी जारी है और हमारी सेनाएं हर चुनौती के लिए पूरी तरह तैयार हैं। राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित एक अहम रक्षा संगोष्ठी में उन्होंने देश की रक्षा क्षमताओं और भविष्य के युद्धों की रणनीतियों पर खुलकर बात की।
जनरल चौहान ने कहा, “हमारी तैयारी का स्तर इतना ऊंचा होना चाहिए कि हम 24 घंटे, 365 दिन मुस्तैद रहें। आज का योद्धा केवल शस्त्र नहीं, शास्त्र में भी पारंगत होना चाहिए।”
उन्होंने भविष्य की युद्ध शैली को कन्वर्जेंस वॉरफेयर बताया—जहां पारंपरिक युद्ध, साइबर हमले, ड्रोन स्ट्राइक, सूचना युद्ध और अंतरिक्ष की लड़ाई एकसाथ लड़ी जाएगी। ऐसे में सेना को हाइब्रिड वॉरियर्स की जरूरत है—जो बॉर्डर पर दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब देने के साथ-साथ साइबर और नैरेटिव वॉर में भी परचम लहरा सकें।