Toggle Test

विधायक डॉ. विकास चौधरी ने कटसूरा ग्राम पंचायत को दी ₹51 लाख के विकास कार्यों की सौगात

​ग्रामीणों ने पारंपरिक साफ़ा पहनाकर और ढोल-नगाड़ों के साथ जताया आभार

किशनगढ/​अरांई। विधायक एवं जिला अध्यक्ष डॉ. विकास चौधरी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित तीन दिवसीय ‘सेवा और विकास उत्सव’ का आज मंगलवार, 30 जून 2026 को ऐतिहासिक आगाज़ हुआ। उत्सव के पहले दिन विधायक डॉ. विकास चौधरी कटसूरा ग्राम पंचायत के सघन दौरे पर रहे, जहाँ उन्होंने ग्रामीणों की लंबे समय से लंबित माँगों को पूरा करते हुए कुल ₹51 लाख की लागत से स्वीकृत और तैयार हुए 6 विभिन्न जनकल्याणकारी एवं मूलभूत ढांचागत विकास कार्यों का विधिवत उद्घाटन कर उन्हें आम जनता को समर्पित किया।

​राजस्थानी परंपरा से भव्य स्वागत: ग्राम पंचायत कटसूरा पहुँचने पर स्थानीय ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा विधायक डॉ. विकास चौधरी का राजस्थानी परंपरा के अनुसार साफ़ा पहनाकर, ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के साथ अत्यंत आत्मीय व भव्य स्वागत किया गया। ग्रामीणों के इस अपार स्नेह और आदर-सत्कार से अभिभूत होकर विधायक ने सभी का हाथ जोड़कर आभार व्यक्त किया।

​चरणबद्ध विकास का वादा: लोकार्पण समारोह के दौरान उमड़े जनसैलाब को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. विकास चौधरी ने कहा, “मेरा जीवन और मेरा हर एक क्षण किशनगढ़ की देवतुल्य जनता की सेवा और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित है। आज कटसूरा में जिन ₹51 लाख के कार्यों का लोकार्पण हुआ है, वे यहाँ की मूलभूत व्यवस्थाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर को सुदृढ़ करेंगे।” उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि विधानसभा क्षेत्र में विकास की गति को कभी रुकने नहीं दिया जाएगा और जनता की मांग के अनुसार हर ढाणी व गाँव तक चरणबद्ध तरीके से सभी आवश्यक विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे करवाए जाएंगे।

​लोकार्पित किए गए ₹51 लाख के विकास कार्यों का विवरण:
आज के कार्यक्रम में मुख्य रूप से निम्नलिखित कार्यों का फीता काटकर लोकार्पण किया गया:

* ​सीसी सड़क मय नाली निर्माण कार्य (ग्राम कटसूरा में उमराव घसवां के मकान से बस स्टैंड की ओर)  5 लाख रुपये
* ​सीसी रोड मय नाली निर्माण कार्य (ग्राम कटसूरा में पाञ्चू भाम्भी के मकान से कालू बैरवा के मकान की ओर)— 5 लाख रुपये

* ​खुला तिब्बारा निर्माण कार्य (ग्राम कटसूरा में गोपाल जी के मंदिर के पास) — 4 लाख रुपये

 ​*श्मशान में चार दिवारी निर्माण कार्य (ग्राम कटसूरा) — 15 लाख रुपये

* ​श्मशान में सीसी ब्लॉक सड़क निर्माण कार्य (ग्राम कटसूरा) — ₹14 लाख रुपये

* ​श्मशान में टीनशेड व खेली-कोटा निर्माण कार्य (ग्राम कटसूरा) — 8 लाख रुपये

​अपील का दिखा व्यापक असर: उल्लेखनीय है कि विधायक डॉ. चौधरी द्वारा की गई अपील—”गुलदस्ते और महंगे उपहार नहीं, बल्कि गायों की सेवा और जरूरतमंदों की मदद ही मेरा जन्मदिन उपहार है”—का असर आज कार्यक्रम में साफ दिखाई दिया। कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने फिजूलखर्ची से दूर रहकर सेवा कार्यों को प्राथमिकता दी।

“एक पेड़, एक कार्यकर्ता” की विशेष अपील और सेवा कार्य
​माननीय विधायक विकास चौधरी जी द्वारा अपने कार्यकर्ताओं को जन्म दिवस के अवसर पर एक विशेष संदेश दिया गया है, जिसमें उन्होंने “एक पेड़, एक कार्यकर्ता” की अपील की है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को हरा-भरा रखना ही सबसे बड़ी सेवा है।

​इस ‘सेवा और विकास उत्सव’ के दूसरे दिन यानी बुधवार, 1 जुलाई को विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में पूर्ण हो चुके ₹20 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा, वहीं 2 जुलाई को मुख्य जन्मदिन पर पूरे अजमेर जिले की गौशालाओं में चारा-लापसी वितरण और अस्पतालों में मरीजों को फल वितरण का महाअभियान चलाया जाएगा। आज कटसूरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नि. प्रधान सीता शैतान चौधरी, वार्ड पंच, जिला परिषद सदस्य जगदीश गोरा, पंचायत समिति सदस्य हरदयाल जाखड़,ब्लॉक अध्यक्ष सत्यनारायण बटेश्वर, सरपंच राधा देवी, पूर्व सरपंच किशन लाल, जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य वरिष्ठ ब्लॉक कांग्रेस पदाधिकारी, अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी सहित भारी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष, बुजुर्ग एवं युवा उपस्थित रहे।

sshakti
Author: sshakti

Leave a Comment