भारत को खेलों का वैश्विक केंद्र बनाने के लिए प्रतिबद्ध: पीएम मोदी

 

 

 

 

 

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी और दोहराया कि उनकी सरकार भारत को खेलों में उत्कृष्टता का वैश्विक केंद्र बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। मेजर ध्यानचंद की स्मृति में हर साल 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है। उन्होंने 1928, 1932 और 1936 के ओलंपिक में भारत को लगातार स्वर्ण पदक दिलाकर देश का नाम रोशन किया था।

 

एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पीएम मोदी ने लिखा, “राष्ट्रीय खेल दिवस की बधाई। इस विशेष दिन मेजर ध्यानचंद जी को श्रद्धांजलि, जिन्होंने पीढ़ियों को प्रेरित किया है।”

 

उन्होंने कहा कि बीते एक दशक में भारत का खेल परिदृश्य काफी बदला है। सरकार का लक्ष्य देशभर में खेल और फिटनेस की संस्कृति को बढ़ावा देना, खिलाड़ियों को संस्थागत सहयोग प्रदान करना, और आधुनिक ट्रेनिंग सुविधाएं एवं स्टेडियम उपलब्ध कराना है। मोदी ने कहा, “हमारा प्रयास है कि जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं को खोजने से लेकर उन्हें विश्व स्तरीय मंच देने तक एक अत्याधुनिक खेल इकोसिस्टम तैयार किया जाए। भारत को खेलों में उत्कृष्टता का वैश्विक केंद्र बनाने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”

 

खेलमंत्री मनसुख मांडविया ने भी इस अवसर पर उम्मीद जताई कि राष्ट्रीय खेल प्रशासन विधेयक भारत को खेलों की महाशक्ति बनाने में मददगार होगा। उन्होंने मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा, “मोदी सरकार ने खेल प्रशासन विधेयक पारित कर भारत को शीर्ष खेल देशों की सूची में शामिल कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। सदियों पुरानी खेल परंपरा के साथ आज भारत खेल महाशक्ति बनने की राह पर अग्रसर है। मेजर ध्यानचंद की जयंती पर मैं सभी देशवासियों को राष्ट्रीय खेल दिवस की शुभकामनाएं देता हूं।”

SHUBHDA SHAKTI
Author: SHUBHDA SHAKTI

Leave a Comment

Toggle Dark Mode

Menu