तीन दिन की बारिश, कई राज्यों में बढ़ सकती है परेशानी

 

 

 

 

 

 भारत के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर रौद्र रूप में लौट आया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि पहाड़ों से लेकर मैदानों तक अगले तीन दिन मूसलाधार बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं, नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर जा पहुंचा है और पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा मंडरा रहा है।

 

🔸 पूर्वोत्तर और हिमालयी राज्यों में नया खतरा

28 जुलाई को पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके बाद 29 से 31 जुलाई के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश का नया चरण शुरू हो सकता है। हिमाचल के चंबा, कांगड़ा, मंडी और कुल्लू जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया गया है।

 

🔸 मुंबई, राजस्थान और मध्य प्रदेश में आफत की बारिश

मुंबई में रविवार को तेज बारिश ने शहर के कई हिस्सों को जलमग्न कर दिया। औसतन 6.80 से 11.53 मिमी वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग ने मुंबई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

 

राजस्थान में बांसवाड़ा के कुशलगढ़ में सबसे अधिक 136 मिमी बारिश दर्ज की गई। पाली जिले के कई हिस्सों में दो घंटे की तेज बारिश से सड़कें डूब गईं। मध्य प्रदेश में लगातार बारिश का दौर जारी है। नर्मदा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। राज्य में सक्रिय लो-प्रेशर सिस्टम और दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन के चलते अगले 4 दिन और भारी बारिश की संभावना है।

 

🔸 यूपी और उत्तराखंड भी अलर्ट पर

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर और बिजनौर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि 10 अन्य जिलों में येलो अलर्ट और 23 जिलों में वज्रपात की आशंका जताई गई है।

 

उत्तराखंड के देहरादून, पौड़ी, टिहरी, नैनीताल, चंपावत और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।

 

🔸 ओडिशा और बंगाल में बाढ़ जैसे हालात

ओडिशा के बालासोर, भद्रक और जाजपुर जिलों में नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर है। सुवर्णरेखा, बैतरणी और जलका नदियों में उफान के कारण निचले इलाकों में पानी भर गया है। कोलकाता समेत बंगाल के कई जिलों में लगातार बारिश से सड़कें जलमग्न हो गई हैं।

 

🔸 केरल-कर्नाटक तटों पर हाई अलर्ट

केरल में भारी बारिश के कारण कई डैम के गेट खोल दिए गए हैं। वायनाड के बाणासुर सागर और पत्तनमथिट्टा के मूझियार जलाशय का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर चला गया है। तेज हवाओं और समुद्री उथल-पुथल के चलते 30 जुलाई तक मछली पकड़ने पर रोक लगा दी गई है।

 

🔸 चंबा में टूटा पुल, महिला लापता

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में पांगी घाटी के कढू नाले में अस्थायी पुल टूटने से तीन लोग बह गए। दो सुरक्षित बाहर आ गए, लेकिन एक महिला अभी भी लापता है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

SHUBHDA SHAKTI
Author: SHUBHDA SHAKTI

Leave a Comment

Toggle Dark Mode

Menu