गणेश चतुर्थी पर पुष्कर में उमड़ेगी आस्था, भटबाय गणेशजी को अर्पित होंगे 51 हजार लड्डू

बड़ा गणेश और बड़े गणेश मंदिर में भी लगेंगे मेले, 25 से अधिक स्थानों पर सजेंगी गणेश प्रतिमाएं
पुष्कर। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर तीर्थनगरी पुष्कर भगवान गणेश की भक्ति के रंग में रंगने जा रही है। प्रसिद्ध भटबाय गणेश मंदिर में इस बार गणेशजी को 51 हजार लड्डुओं का भोग अर्पित किया जाएगा। आयोजन को भव्य बनाने के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं और अजमेर-पुष्कर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
मंदिर के पुजारी कुंजबिहारी शर्मा के अनुसार, वर्ष 2004 में गणेश चतुर्थी पर पहली बार गणेशजी को 5100 लड्डुओं का भोग लगाया गया था। श्रद्धालुओं के सहयोग से हर वर्ष लड्डुओं की संख्या बढ़ती गई और अब यह परंपरा 51 हजार लड्डुओं तक पहुंच गई है। इस बार लड्डुओं का भोग तैयार करने का कार्य गणेश चतुर्थी से पहले ही शुरू कर दिया जाएगा।
भटबाय गणेश मंदिर की पहचान पुष्कर की प्राचीन बावड़ी से भी जुड़ी हुई है। गणेश चतुर्थी पर यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन और प्रसाद ग्रहण करने पहुंचते हैं।
25 से अधिक स्थानों पर सजेंगे गणपति
गणेश चतुर्थी के अवसर पर पुष्कर के भटबाय गणेश, बड़ा गणेश और बड़े गणेश मंदिर में सालाना मेले आयोजित होंगे। मंदिरों में दिनभर पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ रहने की उम्मीद है।
इसके साथ ही ब्रह्म चौक, सावित्री मोहल्ला, कालों का मोहल्ला, शरत मोहल्ला, शिव चौक, बाजरा कोठी सहित 25 से अधिक स्थानों और विभिन्न कॉलोनियों में गणेश पंडाल सजाए जाएंगे। विधिवत गणेश प्रतिमाओं की स्थापना के साथ दस दिवसीय गणेश महोत्सव की शुरुआत होगी। अनंत चतुर्दशी तक प्रतिदिन भजन संध्या, डांडिया और विभिन्न धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
शुभदा शक्ति न्यूज़ | नि:शक्त की शक्ति






