नवरात्र पर चरण पखारकर, तिलक लगाकर और चुनरी ओढ़ाकर किया सम्मान; गरबा-डांडिया के साथ दिया सामाजिक समावेश और समान अवसरों का संदेश

अजमेर, 16 अक्टूबर | शुभदा शक्ति न्यूज़। नवरात्र की आराधना के बीच शुक्रवार को कोटड़ा स्थित शुभदा स्पेशल वर्ल्ड में आस्था और सामाजिक सरोकार का संगम देखने को मिला। ‘निःशक्त की शक्ति पूजा’ के आयोजन में विशेष बालिकाओं को देवी स्वरूप मानकर उनका पूजन किया गया। अतिथियों ने उनके चरण पखारे, तिलक लगाया, पुष्प अर्पित किए और चुनरी ओढ़ाकर आशीर्वाद लिया।

बालिकाओं को आसन पर बैठाकर पारंपरिक विधि से पूजन करने के बाद बच्चों को स्नेहपूर्वक भोजन कराया गया। अतिथियों और संस्था परिवार के सदस्यों ने बच्चों के साथ समय बिताया। आयोजन के माध्यम से विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के सम्मान, स्वीकार्यता और समाज में समान भागीदारी का संदेश दिया गया।
गरबा-डांडिया में उत्साह से शामिल हुए बच्चे
पूजन के बाद गरबा-डांडिया और भक्तिमय कार्यक्रमों के साथ नवरात्र का उत्सव मनाया गया। पारंपरिक परिधानों में सजे बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सजे हुए पंडाल और भक्तिमय वातावरण के बीच बच्चों की भागीदारी कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रही।

क्षमताओं को पहचानें, आगे बढ़ने के अवसर दें
संस्था के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अपूर्व सेन ने बताया कि ‘निःशक्त की शक्ति पूजा’ का उद्देश्य धार्मिक परंपरा के साथ सामाजिक समावेश को बढ़ावा देना है। विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को शिक्षा, खेल, संस्कृति और सार्वजनिक गतिविधियों में समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए परिवार, संस्थाओं और समाज की साझा भागीदारी जरूरी है। उनकी क्षमताओं को पहचानकर आगे बढ़ने का अवसर देना आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की दिशा में सार्थक कदम है।
सह-संस्थापिका साधना सेन और मुख्य कार्यकारी अधिकारी अपूर्व सेन के नेतृत्व में शुभदा स्पेशल वर्ल्ड विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को शिक्षा के साथ सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने के लिए कार्य कर रहा है। यह आयोजन भी इसी प्रयास का हिस्सा रहा।
विभिन्न क्षेत्रों के अतिथियों ने की सहभागिता
कार्यक्रम में नगर निगम के उपायुक्त पवन मीणा और पूर्व उपसभापति सोमरतन आर्य सहित निकी जैन, स्मिता अग्रवाल, रीना मान, फ्लाइंग बर्ड सोसाइटी से अंबिका हेडा, पंकज लोधा, जया लोधा, कविता अग्रवाल, कृति, वसुंधरा, जय अंबे संस्था के सदस्य, स्नेहलता पारिख, पारुल भाटिया और सुमन भाटी सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े अतिथि उपस्थित रहे।
समापन पर साधना सेन और अपूर्व सेन ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। आयोजन में संस्था परिवार की सुप्रभा, रेखा, रेशम, ज्योति, मंनशा, विनीता, अदिति, सपना, पिन्टू, अंजली, उर्वशी,और मंजू ने सहयोग किया।

तस्वीरों में ‘निःशक्त की शक्ति पूजा’
देवी स्वरूप सजी विशेष बालिकाएँ, पारंपरिक परिधानों में बच्चों का उत्साह और स्नेह से भरे पल—इन तस्वीरों में देखिए शुभदा स्पेशल वर्ल्ड के नवरात्र आयोजन की झलकियाँ। आस्था के साथ विशेष बच्चों के सम्मान और सामाजिक समावेश का संदेश देता यह उत्सव









