शुभदा में कल ‘निःशक्त की शक्ति पूजा’, विशेष बालिकाओं का होगा पूजन, गरबा-डांडिया से सजेगा उत्सव ।
कोटड़ा स्थित शुभदा स्पेशल वर्ल्ड में सुबह 11 बजे होगा कार्यक्रम का शुभारंभ, नवरात्र में दिव्यांग बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की पहल।

शुभदा शक्ति न्यूज़।
नवरात्र में मां दुर्गा की आराधना के साथ दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा और आत्मसम्मान को सम्मान देने की अनूठी पहल के तहत शुक्रवार को कोटड़ा स्थित शुभदा स्पेशल वर्ल्ड में निशक्त की शक्ति पूजा का आयोजन होगा। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 11 बजे होगा। इसमें विशेष बालिकाओं को देवी स्वरूप मानकर उनका पूजन किया जाएगा। इसके बाद गरबा और डांडिया महोत्सव आयोजित होगा, जिसमें विशेष बच्चे अपनी प्रतिभा और उत्साह का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ना तथा समाज में उनके प्रति सम्मान और संवेदनशीलता का संदेश देना है।
विशेष बालिकाओं का पूजन कर लिया जाएगा आशीर्वाद
संस्था की परंपरा के अनुसार नवरात्र के अवसर पर विशेष बालिकाओं को आसन पर बैठाकर उनका पूजन किया जाएगा। संस्था के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अपूर्व सेन और संस्थापिका साधना सेन ने बताया की कार्यक्रम मे बालिकाओं के चरण पखारकर, तिलक लगाकर, पुष्प अर्पित कर और चुनरी ओढ़ाकर सम्मान किया जाएगा। उन्हें माला व उपहार देकर आशीर्वाद लिया जाएगा।
संस्था का उद्देश्य ऐसे आयोजनों के माध्यम से यह संदेश देना है कि प्रत्येक बच्चे में अपनी विशिष्ट क्षमता होती है और उसे सम्मान, अवसर तथा समाज में भागीदारी का पूरा अधिकार है।
गरबा में दिखेगा बच्चों का उत्साह
मुख्य कार्यकारी अधिकारी अपूर्व सेन ने बताया की पूजन के बाद गरबा और डांडिया महोत्सव आयोजित होगा।भजन और आरती के बीच विशेष बच्चे गरबा की ताल पर अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। पारंपरिक परिधान और उत्सवी माहौल कार्यक्रम को खास बनाएंगे। आयोजन में शामिल बच्चों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की जाएगी। शुभदा संस्था की ओर से ऐसे सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को उत्सवों में भागीदारी का अवसर दिया जाता है। इससे बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जाता है। इसी वजह से यह कार्यक्रम पिछले 10 साल से आयोजित करवाया जा रहा है।
सामाजिक सहभागिता का संदेश देगा आयोजन
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न संस्थाओं से जुड़े लोगों शामिल होंगे। संस्था की ओर से अतिथियों का स्वागत किया जाएगा। निशक्त की शक्ति पूजा धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक समावेश का संदेश भी देगी। आयोजन के माध्यम से समाज से अपील की जाएगी कि दिव्यांग बच्चों को उनकी क्षमताओं के आधार पर अवसर दें और उन्हें शिक्षा, संस्कृति तथा सामाजिक गतिविधियों में समान भागीदारी का अवसर उपलब्ध कराएं।






