Toggle Test

आंखों की रोशनी, मुस्कान की सुरक्षा: विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क जांच शिविर

विद्यार्थियों की मुस्कान और रोशनी की जांच: पूर्व छात्र परिषद ने लगाया निःशुल्क दंत-नेत्र शिविर

सेवा मंदिर की विशेषज्ञ टीम ने किया परीक्षण, जरूरतमंद विद्यार्थियों को न्यूनतम दरों पर मिलेगा उपचार

अजमेर। विद्यार्थियों के बेहतर स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में सराहनीय पहल करते हुए आदर्श विद्या निकेतन उच्च माध्यमिक विद्यालय, पुष्कर मार्ग में निःशुल्क दंत एवं नेत्र जांच शिविर आयोजित किया गया। पूर्व छात्र परिषद और सेवा मंदिर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, अलवर गेट के संयुक्त सहयोग से दो चरणों में आयोजित यह शिविर 24 एवं 26 सितंबर को संपन्न हुआ।

पूर्व छात्र परिषद के संयोजक राहुल सचवानी ने बताया कि शिविर में सेवा मंदिर की विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम ने विद्यार्थियों की आंखों और दांतों की जांच की। नेत्र चिकित्सक डॉ. अंबर दुबे और दंत चिकित्सक डॉ. निलोफर खान ने परीक्षण के साथ विद्यार्थियों को दांतों एवं आंखों की स्वच्छता, नियमित देखभाल, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित उपयोगी परामर्श भी दिया।

जांच के दौरान जिन विद्यार्थियों में किसी समस्या या उपचार की आवश्यकता पाई गई, उन्हें सेवा मंदिर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में सामान्य दरों से भी न्यूनतम शुल्क पर आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस व्यवस्था से जरूरतमंद विद्यार्थियों को समय रहते विशेषज्ञ उपचार मिल सकेगा।

शिविर की व्यवस्थाओं में परिषद के सह-संयोजक अभिषेक सोनी, अन्य सदस्यों और विद्यालय परिवार ने सक्रिय भूमिका निभाई।

आयोजकों ने सेवा मंदिर अस्पताल एवं रिसर्च सेंटर की मैनेजिंग ट्रस्टी डॉ. अभिलाषा सिंह गौड़, पूरी चिकित्सकीय टीम, विद्यालय के प्रधानाचार्य भूपेन्द्र उबाना तथा विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया। पूर्व छात्र परिषद ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास के लिए भविष्य में भी ऐसी जनसेवा गतिविधियां जारी रखने का संकल्प दोहराया।

APOORV SEN
Author: APOORV SEN

Leave a Comment