अजमेर। नगर निकाय आम चुनाव-2026 के तहत राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, माखुपुरा में स्ट्रॉन्ग रूम एवं मतगणना स्थल निर्धारित किया है। मतगणना के दौरान अभ्यर्थियों, निर्वाचन अभिकर्ताओं एवं गणन अभिकर्ताओं के साथ-साथ अधिकारियों एवं कार्मिकों के वाहनों की पार्किंग तथा सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा संबंधित शिक्षण संस्थानों में 14 सितम्बर को अवकाश घोषित किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी लोकबन्धु ने बताया कि राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, नसीराबाद रोड, माखुपुरा, अजमेर में नगर निकाय आम चुनाव की मतगणना आयोजित की जाएगी। मतगणना स्थल के आसपास यातायात, वाहनों की पार्किंग एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से माखुपुरा स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, राजकीय महिला अभियांत्रिकी महाविद्यालय, राजकीय महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज एवं राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), राजकीय महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में अवकाश रहेगा।






