अजमेर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा आयोजित ’’ग्रामीण सेवा शिविर-2026’’ ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन की वर्षों पुरानी समस्याओं के त्वरित एवं मौके पर समाधान का प्रभावी मंच बनकर उभर रहा है। शिविरों के माध्यम से शासन की संवेदनशील, जनहितैषी एवं समाधान-केंद्रित कार्यशैली का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुंच रहा है। इसका एक प्रेरणादायक उदाहरण ग्राम पंचायत देवनगर में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में देखने को मिला, जहां वर्षों से लंबित पारिवारिक भूमि विवाद का शांतिपूर्ण समाधान कर एक परिवार में फिर से भाईचारा स्थापित किया गया।
ग्राम बांसेली निवासी श्री किशनलाल पुत्र मोडू, श्री सुखाराम पुत्र मोडू एवं श्री रामदेव पुत्र मोडू (जाति माली) के बीच खाता संख्या 197 एवं 198 की कृषि भूमि के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। वर्षों से चले आ रहे इस विवाद के कारण परिवार में आपसी मनमुटाव बढ़ गया था और कई प्रयासों के बावजूद समाधान नहीं निकल पा रहा था। भूमि का स्पष्ट बंटवारा नहीं होने से परिवार के सदस्यों के बीच तनाव बना हुआ था।
ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान राजस्व विभाग के अधिकारियों ने इस मामले को गंभीरता से लिया। अधिकारियों ने तीनों पक्षों को धैर्यपूर्वक सुना, राजस्व अभिलेखों का विस्तार से परीक्षण किया तथा निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से सभी पक्षों के बीच संवाद स्थापित कराया। लगातार समझाइश और सकारात्मक प्रयासों के परिणामस्वरूप तीनों भाई आपसी सहमति से विवाद समाप्त करने पर राजी हो गए।
शिविर में ही सहमति बंटवारानामा तैयार कर विधिवत भूमि का बंटवारा सम्पन्न कराया गया। वर्षों से चला आ रहा विवाद समाप्त होने के साथ ही परिवार में पुनः सौहार्द, विश्वास और भाईचारे का वातावरण स्थापित हो गया। सभी पक्षों ने मौके पर ही समाधान मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राजस्व विभाग एवं राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।





