श्रीनिम्बार्क तीर्थ शिविर में एक ही दिन में मिले प्रमाण-पत्र, योजनाओं का लाभ और त्वरित समाधान
अजमेर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 ग्रामीण क्षेत्रों में सुशासन और जनसेवा का प्रभावी माध्यम बनकर उभर रहा है। ग्राम पंचायत श्रीनिम्बार्क तीर्थ के अटल सेवा केन्द्र में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों ने एक ही स्थान पर अपनी सेवाएं उपलब्ध कराकर ग्रामीणों को राहत प्रदान की।
शिविर का निरीक्षण एवं संचालन उपखण्ड अधिकारी श्री अनिल कुमार चौधरी, तहसीलदार श्री सज्जन कुमार लाटा एवं विकास अधिकारी श्रीमती रेखा मीणा की उपस्थिति में किया गया। इस दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए तथा मौके पर ही अनेक आवेदनों एवं प्रकरणों का त्वरित निस्तारण किया। शिविर में शिक्षा एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं पर विशेष ध्यान दिया गया। विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को पालनहार योजना, छात्रवृत्ति, निःशुल्क गणवेश तथा अन्य शैक्षणिक सुविधाओं की जानकारी देकर उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। राजकीय विद्यालय में अध्ययनरत 14 पालनहार विद्यार्थियों के अध्ययनरत प्रमाण-पत्र ऑनलाइन जारी किए गए, जिससे उन्हें योजनाओं का लाभ समय पर मिल सकेगा। अभिभावकों ने बच्चों की नियमित शिक्षा जारी रखने का संकल्प भी लिया। स्वास्थ्य विभाग ने भी शिविर में प्रभावी सेवाएं प्रदान करते हुए 56 पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए। इसके साथ ही 309 ग्रामीणों की गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) की स्क्रीनिंग कर आवश्यक दवाओं का वितरण किया गया। क्षय रोगियों को निक्षय पोषण किट प्रदान कर उनके बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। राजस्व विभाग ने भी शिविर में उल्लेखनीय कार्य करते हुए 8 सहमति विभाजन, 12 धारा 136 (शुद्धि) के प्रकरण, 28 नामांतरण प्रकरण तथा 4 रास्ता संबंधी विवादों का मौके पर ही निस्तारण किया। वहीं ग्राम पंचायत द्वारा 32 नए पट्टों के आवेदन प्राप्त किए गए तथा 42 जाति एवं मूल निवास प्रमाण-पत्र जारी किए गए। रसद विभाग ने 4 लाभार्थियों की ई-केवाईसी अपडेट की, जबकि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने 3 नए पालनहार योजना आवेदन स्वीकार किए। शिविर का एक भावनात्मक और प्रेरणादायक क्षण तब आया जब महिला अधिकारिता विभाग द्वारा बालिका यशस्वी का बेटी जन्मोत्सव केक काटकर मनाया गया। इस आयोजन ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के संदेश को सशक्त रूप से समाज तक पहुंचाया और उपस्थित ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना की।





