103 पदक झटके: बेटियों का डबल ट्रैप में क्लीन स्वीप, राजकंवर संधू ने रचा इतिहास
भारत ने एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप 2025 में 103 पदक जीतकर इतिहास रच दिया। राजकंवर संधू ने सीनियर स्तर पर पहला स्वर्ण पदक जीता और अंकुर मित्तल ने डबल ट्रैप में सोना हासिल किया। महिलाओं ने डबल ट्रैप में क्लीन स्वीप किया। प्रतियोगिता में चीन के बाद भारत दूसरे स्थान पर रहा।

युवा पिस्टल निशानेबाज राजकंवर सिंह संधू ने शुक्रवार को कजाकिस्तान के शिमकेंट एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप में 25 मीटर सेंटर फायर स्पर्धा में शीर्ष स्थान हासिल किया, जबकि पूर्व विश्व चैंपियन अंकुर मित्तल ने डबल ट्रैप में स्वर्ण पदक जीता। भारत ने इस तरह से गैर-ओलंपिक स्पर्धाओं में अपना दबदबा जारी रखा। भारत ने महिला डबल ट्रैप में भी क्लीन स्वीप किया। इसमें अनुष्का भाटी (93), प्रणिल इंगले (89) और हाफिज कॉन्ट्रैक्टर (87) ने शीर्ष तीन स्थान हासिल किये। इस तिकड़ी ने 269 के कुल स्कोर के साथ टीम स्वर्ण पदक भी जीता। भारत ने इस अभियान का समापन 31 पदकों के साथ किया जिसमें 14 स्वर्ण, आठ रजत और नौ कांस्य पदक शामिल थे।

टीम सीनियर वर्ग की तालिका में चीन के बाद दूसरे स्थान पर रही। चीन ने 15 स्वर्ण, 12 रजत और तीन कांस्य पदक जीते। भारत ने तीनों श्रेणियों (सीनियर, जूनियर और युवा) में 52 स्वर्ण, 26 रजत और 25 कांस्य सहित कुल 103 पदक जीते। तेरह अगस्त को 23 साल के हुए राजकंवर सिंह संधू ने हमवतन अनुभवी निशानेबाज गुरप्रीत सिंह के साथ कोरिया और ईरान के निशानेबाजों को पछाड़ कर 583 (प्रिसिशन 289, रैपिड 294) अंकों के साथ अपने करियर का सबसे बड़ा पदक जीता।

इससे पहले 2018 और 2022 में जूनियर विश्व कप में क्रमशः कांस्य और रजत जीतने वाले संधू का सीनियर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह पहला पदक है। सेना के अनुभवी गुरप्रीत सिंह (579) चौथे स्थान पर रहे, जबकि कोरिया के जेक्योन ली (580) और ईरान के जावद फोरोगी (579) ने क्रमशः रजत और कांस्य पदक जीता। गुरप्रीत के लगातार दूसरे दिन अच्छे प्रदर्शन से भारत ने टीम स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने इससे पहले गुरुवार को 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण जीतने और टीम वर्ग में भी देश को शीर्ष पोडियम स्थान दिलाने में मदद की थी।
दक्षिण कोरिया (1844 अंक) के साथ ने स्वर्ण पदक जीता जबकि कजाकिस्तान (1830.1) ने रजत पदक अपने नाम किया। मोहम्मद हातिम ने पुरुषों की जूनियर डबल ट्रैप स्पर्धा में 89 अंकों के साथ रजत पदक जीता, जबकि मानवराजसिंह चुडासमा (87) को कांस्य पदक मिला। हातिम (89), मानवराजसिंह (87) और विनय प्रताप सिंह (81) की तिकड़ी ने टीम स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता। महिला जूनियर डबल ट्रैप में अवनी अलंकार ने 77 निशाने के साथ कांस्य पदक जीता। उनके प्रदर्शन से टीम रजत पदक जीतने में सफल रही। अवनी के 77 के अलावा कृषिका जोशी और स्मिता सावंत ने 61-61 निशाने के साथ कुल 199 अंक बटोरे।