मानसिक दिव्यांग बच्चों की नेशनल हैंडबॉल प्रति. आज से
स्पेशल ओलिंपिक भारत के तत्वावधान व तपोवन प्रन्यास की ओर से सूरतगढ़ रोड स्थित गांव 4 एमएल में संचालित इकाई तपोवन मनोविकास विद्यालय में मानसिक दिव्यांग बच्चों की नेशनल हैंडबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 1 सितंबर से किया जाएगा। छह दिवसीय राष्ट्रीय हैंडबॉल खेल चैम्पियनशिप में देशभर के दिव्यांग महिला व पुरुष खिलाड़ियों की 36 टीमों में 350 स्पेशल प्रतिभागी खिलाड़ी भाग लेंगे। कार्यक्रम आयोजक एवं तपोवन मनोविकास विद्यालय के अध्यक्ष सुमेरमल बोरड़ ने बताया कि इस टूर्नामेंट में मेजबान स्कूल की टीम के चार खिलाड़ी राजस्थान का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

इनके अलावा देशभर के अलग-अलग राज्यों से टीमें भाग लेंगी। सभी टीमों व उनके साथ आए कोच व अभिभावकों के रहने व खाने-पीने की तमाम व्यवस्थाएं तपोवन प्रन्यास व विद्यालय प्रबंधन की ओर से की गई हैं। उन्होंने बताया कि चैम्पियनशिप में भाग लेने वाली टीमों का रविवार देर रात से श्रीगंगानगर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया।

तपोवन प्रन्यास के अध्यक्ष महेश पेड़ीवाल ने बताया कि 2 सितंबर को सुबह 10:15 बजे समारोह होगा। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, अबोहर (पंजाब) विधायक संदीप जाखड़ व पंजाब नेशनल बैंक श्रीगंगानगर के उपमहाप्रबंधक सतीश रेलन उपस्थित रहेंगे। अध्यक्षता श्रीगंगानगर सांसद कुलदीप इंदौरा करेंगे।
