चार्टर्ड अकाउंटेंट की पत्नी ने 13वीं मंजिल से बेटे के साथ कूदी, सुसाइड नोट में पति के लिए लिखा था Sorry
नोएडा की सोसाइटी की 13वीं मंजिल से कूदने से पहले महिला एक पति के नाम एक नोट लिखा था। इसमें पति को सॉरी कहा है। बताया जा रहा है कि महिला अपने मानसिक दिव्यांग बेटे को लेकर परेशान थी।
ग्रेनो वेस्ट एस सिटी सोसाइटी में शनिवार सुबह 10 बजे चार्टर्ड अकाउंटेंट की पत्नी और उनके 11 साल के बेटे ने 13वीं मंजिल के फ्लैट की बालकनी से कूदकर आत्महत्या कर ली। आवाज सुनकर सोसाइटी के लोग मौके पर पहुंचे तो मां-बेटे खून से लथपथ थे। लोगों का कहना है कि पहले बच्चा और फिर महिला गिरी। पुलिस के मुताबिक, महिला के हाथ में सुसाइड नोट मिला है। इसमें उसने पति को सॉरी लिखा है और अपनी मौत का जिम्मेदार किसी को नहीं बताया है।
जांच में सामने आया है कि बच्चा मानसिक दिव्यांग था, जिसकी वजह से वह परेशान थी। बिसरख थाना प्रभारी ने बताया कि एस सिटी के रहने वाले दर्पण चावला दिल्ली की कंपनी में सीए हैं। वह अपनी पत्नी साक्षी चावला (37) और 11 साल के बेटे दक्ष के साथ रहते थे। बेटे दक्ष को दिमागी बीमारी थी और उसकी दवाएं चल रही थीं। घटना के वक्त वह घर में सो रहे थे।
बेटे को दवाई देने के बाद पति लेट गए थे
बताया जा रहा है कि जिस बालकनी से मां-बेटा गिरे, उसमें एक कुर्सी रखी थी। आशंका जताई जा रही है थे कि इसी पर चढ़कर दोनों ने छलांग लगाई है। वहीं, दर्पण ने सुबह 9 बजे ही बेटे को दवाई दी थी। इसके बाद वह दूसरे कमरे में जाकर लेट गए थे।
बेटे को लेकर तनाव में थी महिला
सोसाइटी के लोगों ने बताया कि बच्चे की हालत को लेकर साक्षी लंबे समय से तनाव में थी। वह अक्सर पड़ोसियों से भी कहती थी कि जिंदगी मुश्किल हो गई है। बच्चे की सलामती को लेकर माता-पिता कई गुरुद्वारों में भी जाते थे। वहां भी अरदास लगाई, लेकिन वह ठीक नहीं हुआ। बच्चे का स्कूल में एडमिशन भी नहीं कराया गया था। वह घर पर ही ट्यूशन पढ़ता था। एडीसीपी सेंट्रल नोएडा ने बताया कि सुसाइड नोट की हैडराइटिंग की जांच कराएंगे। अन्य बिंदुओं की गहराई से जांच कर रही है। निवासियों और रिश्तेदारों से पूछताछ की जा रही है।