विद्युत निगमों में 2,005 पदों पर होगी भर्ती, होंगे ऑनलाइन आवेदन

869 कनिष्ठ अभियंता, 371 कनिष्ठ लेखाकार एवं 765 कनिष्ठ सहायक के पदों पर होगी भर्ती

अजमेर डिस्कॉम को मिलेंगे 144 कनिष्ठ अभियंता, 48 कनिष्ठ लेखाकार और 201 कनिष्ठ सहायक

अजमेर। राजस्थान राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड ने राज्य के पांचों विद्युत निगमों में विभिन्न संवर्गों के कुल 2,005 पदों पर सीधी भर्ती के लिए विज्ञापन जारी कर दिया है। भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जुलाई 2026 से शुरू होगी। जारी विज्ञापन के अनुसार कनिष्ठ अभियंता (इलेक्ट्रिकल) के 727, कनिष्ठ अभियंता (मैकेनिकल) के 110, कनिष्ठ अभियंता (सिविल) के 32, कनिष्ठ लेखाकार के 371 तथा कनिष्ठ सहायक/वाणिज्यिक सहायक-द्वितीय के 765 पदों सहित कुल 2,005 पदों पर भर्ती की जाएगी। ऊर्जा मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री हीरालाल नागर ने बताया कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और विद्युत तंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। बजट घोषणा की अनुपालना में यह भर्ती प्रक्रिया प्रारम्भ की गई है, जिससे विद्युत निगमों में रिक्त पदों की पूर्ति होगी तथा उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

उन्होंने बताया कि राज्य की पांचों विद्युत कंपनियों—राजस्थान राज्य विद्युत उत्पादन निगम, राजस्थान राज्य विद्युत प्रसारण निगम तथा जयपुर, अजमेर एवं जोधपुर विद्युत वितरण निगम—में विभिन्न संवर्गों के पदों के लिए योग्य अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। उल्लेखनीय है कि तकनीशियन-तृतीय के 2,163 पदों पर भर्ती का अंतिम परिणाम 22 जून को जारी किया गया था तथा चयनित अभ्यर्थियों को 24 जून को नियुक्ति आदेश जारी किए जा चुके हैं। इसके तुरंत बाद अब 2,005 पदों पर नई भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री के.पी. वर्मा ने बताया कि इस भर्ती के तहत अजमेर डिस्कॉम को 144 कनिष्ठ अभियंता, 48 कनिष्ठ लेखाकार तथा 201 कनिष्ठ सहायक मिलेंगे। इससे फील्ड स्तर पर कार्मिकों की उपलब्धता बढ़ेगी, कार्यों के निष्पादन में तेजी आएगी तथा विद्युत व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकेगा। भर्ती के लिए इच्छुक अभ्यर्थी जुलाई 2026 से ऊर्जा विभाग एवं संबंधित विद्युत निगमों की आधिकारिक वेबसाइटों पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

AMIT
Author: AMIT

Leave a Comment

Toggle Dark Mode

Menu