विधायक कुन्नर ने 17 दिव्यांगजनों को स्कूटियां बांटी, आत्मनिर्भरता का मिला सहारा
श्रीगंगानगर जिले के पदमपुर क्षेत्र के गांव 25 बीबी में गुरुवार को एक सराहनीय पहल हुई। विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम में विधायक रुपिंदर सिंह कुन्नर ने 17 दिव्यांगजनों को स्कूटी की चाबियां सौंपीं। स्कूटी पाकर दिव्यांगजनों के चेहरे पर आत्मविश्वास और खुशी साफ नजर आई।

लाभार्थियों ने बताया कि इस पहल से अब वे खुद अपने कार्यों को निपटा सकेंगे। अब उन्हें किसी पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। कुछ युवाओं ने कहा कि अब वे पढ़ाई और नौकरी के लिए आसानी से आ-जा सकेंगे।कार्यक्रम में विधायक कुन्नर ने दिव्यांगजनों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने हमेशा हेलमेट पहनने पर जोर दिया।
विधायक ने कहा कि यह स्कूटियां सिर्फ साधन नहीं हैं। ये आत्मनिर्भरता की दिशा में एक मजबूत कदम हैं। इस मौके पर उपजिला प्रमुख सुदेश मोर, वरिष्ठ कांग्रेस नेता रामस्वरूप मांझू भी मौजूद थे। सामाजिक सुरक्षा अधिकारी युवराज सिंह, कांग्रेस नगर मंडल अध्यक्ष राजकरण गिल भी कार्यक्रम में शामिल हुए। मेघराज खत्री, बलकरण सिंह बराड़, हनी सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

गांव वालों ने कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह एक ऐसा प्रयास है जो दिव्यांगजनों को सिर्फ सहारा ही नहीं देगा। यह उन्हें सम्मान के साथ जीने की राह भी दिखाएगा।