Toggle Test

जी, सुना क्या?? WhatsApp का एक नया धमाका ।

WhatsApp का बड़ा धमाका: अब चैट करते-करते भरें बिजली-पानी से लेकर क्रेडिट कार्ड तक के बिल, 30 कैटेगरी की सुविधा शुरू

नई दिल्ली। अब बिजली का बिल भरने के लिए अलग ऐप खोलने या वेबसाइट पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। दुनिया के सबसे लोकप्रिय मैसेजिंग प्लेटफॉर्म में शामिल WhatsApp ने भारत में ‘Bill Payments’ फीचर शुरू कर दिया है। इसके जरिए यूजर्स WhatsApp के अंदर ही बिजली, पानी, गैस, FASTag, बीमा, क्रेडिट कार्ड और लोन समेत कई तरह के बिलों का भुगतान कर सकेंगे। नया फीचर भारत में चरणबद्ध तरीके से Android और iOS यूजर्स तक पहुंचाया जा रहा है।

30 कैटेगरी और 22,722 बिलर्स

WhatsApp की यह नई सुविधा Bharat Connect (BBPS) नेटवर्क पर आधारित है। इसके जरिए करीब 22,722 बिलर्स की 30 अलग-अलग कैटेगरी के बिलों का भुगतान किया जा सकेगा। इनमें बिजली, पानी, गैस, FASTag, इंश्योरेंस प्रीमियम, क्रेडिट कार्ड बिल और लोन रीपेमेंट जैसी रोजमर्रा की महत्वपूर्ण सेवाएं शामिल हैं।

यानी WhatsApp अब केवल मैसेज, फोटो-वीडियो भेजने या कॉल करने वाला ऐप नहीं रह गया है, बल्कि धीरे-धीरे रोजमर्रा की डिजिटल जरूरतों का एक बड़ा प्लेटफॉर्म बनता जा रहा है।

WhatsApp से कैसे भरें बिल?

बिल भरने की प्रक्रिया भी बेहद आसान रखी गई है। यूजर को WhatsApp खोलकर होम स्क्रीन पर दिखाई देने वाले ₹ (रुपये) के आइकन पर टैप करना होगा। इसके बाद संबंधित बिल कैटेगरी और सर्विस प्रोवाइडर यानी बिलर को चुनना होगा।

फिर उपभोक्ता नंबर या संबंधित अकाउंट डिटेल दर्ज करने पर उपलब्ध बिल की जानकारी सामने आएगी। जानकारी और राशि की जांच करने के बाद यूजर UPI, डेबिट कार्ड या क्रेडिट कार्ड के जरिए भुगतान पूरा कर सकेगा।

खास बात यह है कि WhatsApp में पहले किए गए भुगतान की जानकारी भी देखी जा सकेगी। पहले इस्तेमाल किए गए बिलर्स Payments Home पर दिखाई देंगे, जिससे अगली बार भुगतान करना और आसान होगा। एक ही सर्विस प्रोवाइडर के तहत घर, ऑफिस या परिवार के सदस्यों के एक से ज्यादा अकाउंट भी मैनेज किए जा सकेंगे।

हर यूजर को अभी नहीं दिखेगा फीचर

अगर आपके WhatsApp में अभी यह विकल्प दिखाई नहीं दे रहा है तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। कंपनी इस सुविधा को चरणबद्ध तरीके से रोल आउट कर रही है और आने वाले हफ्तों में इसे देशभर के Android और iOS यूजर्स तक पहुंचाने की योजना है।

Meta India के मैनेजिंग डायरेक्टर और कंट्री हेड अरुण श्रीनिवास के मुताबिक कंपनी का उद्देश्य बिल भुगतान को WhatsApp पर संदेश भेजने जितना आसान बनाना है और डिजिटल भुगतान की सुविधा को देश के दूरदराज के इलाकों तक पहुंचाना है।

डिजिटल पेमेंट की दुनिया में WhatsApp की बड़ी छलांग

WhatsApp पर पहले से मोबाइल रिचार्ज, कुछ शहरों में मेट्रो टिकट बुकिंग और विभिन्न डिजिटल सेवाओं की सुविधाएं मौजूद हैं। अब Bill Payments जुड़ने से कंपनी ने भारत के तेजी से बढ़ते डिजिटल पेमेंट बाजार में एक और बड़ा कदम बढ़ाया है।

आने वाले समय में यदि यूजर्स को मैसेजिंग, रिचार्ज और रोजमर्रा के बिलों का भुगतान एक ही ऐप पर मिलने लगे, तो WhatsApp की भूमिका सिर्फ ‘मैसेजिंग ऐप’ से बढ़कर एक बड़े डिजिटल सर्विस प्लेटफॉर्म की हो सकती है।

APOORV SEN
Author: APOORV SEN

Leave a Comment