Toggle Test

क्रमोन्नत होगा सांपला का पशु चिकित्सालय, मंत्री जोराराम कुमावत ने की घोषणा

अजमेर। राजस्थान सरकार के पशुपालन, डेयरी एवं गोपालन विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत सोमवार को सांपला में आयोजित गोपाल कृष्ण मंदिर के शिलान्यास समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने मंदिर परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री जोराराम कुमावत ने सांपला के राजकीय पशु चिकित्सालय को प्रथम श्रेणी राजकीय पशु चिकित्सालय में क्रमोन्नत करने की घोषणा की, जिससे क्षेत्र के पशुपालकों को बेहतर पशु चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इसके पश्चात मंत्री महोदय ने विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित कर सेक्स सॉर्टेड सीमेन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना तथा पशु टीकाकरण कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पशुपालकों तक पहुंचाया जाए तथा निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित की जाए। मंत्री महोदय ने कहा कि राज्य सरकार पशुधन विकास, उन्नत नस्ल संवर्धन तथा पशुपालकों की आर्थिक सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना एवं टीकाकरण कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। इस अवसर पर अतिरिक्त निदेशक, पशुपालन विभाग अजमेर डॉ. नवीन परिहार, उपनिदेशक, सरवाड़ डॉ. नरेंद्र चौहान सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

sshakti
Author: sshakti

Leave a Comment