Toggle Test

जी,सुना क्या ?? हुनर को मिलेगा सहारा: मेधावी विद्यार्थियों के सपनों की उड़ान बनेगी NMMSS छात्रवृत्ति

NMMSS छात्रवृत्ति के आवेदन 31 अक्टूबर तक: आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी विद्यार्थियों को मिलेगा सहारा

नई दिल्ली /अजमेर । आर्थिक कठिनाइयों के कारण पढ़ाई छोड़ने की आशंका से जूझ रहे मेधावी विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। शैक्षणिक सत्र 2026–27 के अंतर्गत राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता छात्रवृत्ति योजना (NMMSS) के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 अक्टूबर 2026 कर दी गई है। पात्र विद्यार्थी राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं।

NMMSS का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को माध्यमिक स्तर पर पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना और विद्यालय छोड़ने की दर कम करना है। चयनित विद्यार्थियों को नियमानुसार प्रतिवर्ष छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। इसका भुगतान सीधे लाभार्थी के आधार से जुड़े बैंक खाते में DBT के माध्यम से किया जाता है।

आवेदन के लिए OTR अनिवार्य

आवेदन करने से पहले विद्यार्थी को National Scholarship Portal पर One Time Registration (OTR) पूरा करना होगा। यह आधार अथवा आधार नामांकन संख्या के आधार पर जारी होने वाली 14 अंकों की विशिष्ट संख्या है, जो विद्यार्थी के पूरे शैक्षणिक जीवन में मान्य रहती है।

आवेदन में सामान्यतः आधार विवरण, बैंक खाते की जानकारी, आय प्रमाणपत्र, अंकतालिका, विद्यालय संबंधी विवरण तथा राज्य के नियमानुसार आवश्यक दस्तावेज लगाने होते हैं। विद्यार्थी आवेदन जमा करने से पहले सभी जानकारियों की सावधानीपूर्वक जाँच करें।

सत्यापन की तारीखें भी महत्त्वपूर्ण

आधिकारिक पोर्टल के अनुसार विद्यार्थियों के आवेदन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर, त्रुटिपूर्ण आवेदन सुधारने और संस्थान स्तर पर सत्यापन की अंतिम तिथि 15 नवंबर, जबकि जिला, राज्य अथवा मंत्रालय स्तर के सत्यापन की समय-सीमा 30 नवंबर 2026 निर्धारित है।

विद्यार्थी आवेदन अंतिम दिन तक टालने के बजाय समय रहते प्रक्रिया पूरी करें। इंटरनेट अथवा तकनीकी सहायता नहीं मिलने पर नजदीकी Common Service Centre से भी आवेदन कराया जा सकता है। पोर्टल पर पूरी आवेदन सेवा का निर्धारित CSC शुल्क ₹30 बताया गया है। किसी अनधिकृत व्यक्ति को अतिरिक्त राशि या OTP नहीं देना चाहिए।

शुभदा शक्ति की अपील: विद्यालय, शिक्षक और अभिभावक अपने क्षेत्र के पात्र विद्यार्थियों तक यह सूचना पहुँचाएँ। आर्थिक अभाव किसी प्रतिभाशाली बच्चे की शिक्षा में बाधा नहीं बनना चाहिए।

आवेदन पोर्टल: National Scholarship Portal

APOORV SEN
Author: APOORV SEN

Leave a Comment