गलती से खा जाएं तरबूज के बीज तो जान लें पेट के अंदर क्या होता है, शरीर को फायदा होगा या नुकसान?
कितनी भी कोशिश कर लो तरबूज खाते वक्त 1-2 बीज तो पेट के अंदर चले ही जाते हैं। जानिए अगर तरबूज के बीज खा लेते हैं तो इससे सेहत पर क्या असर पड़ता है। तरबूज के बीज फायदा करते हैं या नुकसान?
तरबूज एक बेहद टेस्टी और हाइड्रेटिंग फल होता है, जो आपकी सेहत को कई फायदे पहुंचाता है, लेकिन क्या आप जानते हैं इसके बीज भी बेहद गुणकारी होते हैं। आइए जानते हैं इनसे मिलने वाले लाभ के बारे में।

तरबूज गर्मियों के मौसम में सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाला फल है। पोषक तत्वों से भरपूर यह लाल फल आपको हाइड्रेटेड रखने के साथ ही आपके पाचन में सुधार करने, त्वचा और बालों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने और हृदय स्वास्थ्य को बढ़ावा देने में मदद करता है।
केवल इतना ही नहीं तरबूज ब्लड प्रेशर को कम करने और डायबिटीज के जोखिम को भी कम करने में सहायक है। अधिकतर लोग जब भी तरबूज खाते हैं तो सबसे पहले उसके बीजों को अलग कर देते हैं और बाद में इसे कचरे में फेंक देते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं इस फल के साथ ही इसके बीज भी बेहद गुणकारी होते हैं।
वेजिटेरियन के लिए तरबूज के बीज किसी सुपरफूड के कम नहीं होते हैं। हाल ही में फिटनेस कोच प्रियांक मेहता ने अपने वीडियो के जरिए लोगों को इसके बीजों के फायदे के बारे में समझाया है, जिसे जानने के बाद आप कभी भी इसके बीजों को फेंकें नहीं।
तरबूज के बीज खाने के फायदे
आपने अब तक कई फलों के बीजों के फायदों के बारे में सुना और पढ़ा होगा लेकिन बहुत कम लोग ही इस बात से वाकिफ होते हैं कि तरबूज के बीज भी सेहत के लिए बेहद फायदेमंद होते हैं। तरबूज के बीजों में बादाम से अधिक मैग्नीशियम होता है,पालक से ज्यादा आयरन और कद्दू के बीजों से अधिक जिंक होता है।
तरबूज का लाल रंग इसमें मौजूद लाइकोपीन के कारण होता है। यह यौगिक शरीर में एक शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट प्रभाव डालता है। तरबूज 92% पानी और केवल 6% चीनी से बना होता है, जिसका अर्थ है कि इसकी थोड़ी मात्रा भी रक्त शर्करा के स्तर पर नकारात्मक प्रभाव नहीं डालेगी। इन्हें खाने से आपको निम्नलिखित फायदे मिल सकते हैं–
इम्यूनिटी होती है बूस्ट
तरबूज के बीज सेहत का खजाना होते हैं। इनमें मैग्नीशियम,आयरन और हेल्दी फैट्स पाए जाते हैं जो इम्यूनिटी को बढ़ाने और पाचन में मदद करते हैं।
शरीर रहता है फुर्तीला
तरबूज के बीज खाने से आप एनर्जेटिक रह सकते हैं। दरअसल,इन बीजों में प्रोटीन, मैग्नीशियम, जिंक, आयरन,और विटामिन बी जैसे पोषक तत्व मौजूद होते हैं,जो शरीर को ऊर्जा प्रदान करने में मदद करते हैं।
मिलती है क्लियर स्किन

तरबूज के बीज जिंक का भी बहुत अच्छा सोर्स हैं,जो त्वचा के लिए बहुत फायदेमंद है। जिंक में सूजन रोधी गुण होते हैं,यह स्किन को यूवी विकिरण से बचाता है,घाव भरने में मदद करता है और मुक्त कणों से लड़ता है। जिंक की मदद से क्लियर स्किन पाने में मदद मिलती है।
नींद की क्वालिटी होती है बेहतर

तरबूज के बीज में भरपूर मात्रा में मैग्नीशियम भी पाया जाता है,जो अच्छी नींद का समर्थन करता है। साथ ही इससे स्ट्रेस भी कम होता है।
कैसे करें सेवन?
अब जब आप तरबूज के बीजों के फायदे जान चुके हैं तो अगली बार इन्हें फेंके नहीं बल्कि इन्हें भूनकर एक हेल्दी स्नैक्स के रूप में इनका सेवन करें।
डिस्क्लेमर: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के लिए है। यह किसी भी तरह से किसी दवा या इलाज का विकल्प नहीं हो सकता। ज्यादा जानकारी के लिए हमेशा अपने डॉक्टर से संपर्क करें। एनबीटी इसकी सत्यता,सटीकता और असर की जिम्मेदारी नहीं लेता है।