Toggle Test

ऑडियो से बढ़ी सियासी हलचल, गहलोत ने जारी किया, हाडा बोले फर्जी है

अजमेर। निकाय चुनाव के दौरान पूर्व महापौर धर्मेंद्र गहलोत द्वारा एक ऑडियो मीडिया को जारी किया गया। भाजपा नेताओं की एक जमीन के मामले में ऑडियो रिकॉर्डिग सामने आने के बाद राजनितिक हलचल तेज हो गई है। मामले में भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ प्रियशील हाडा ने ऑडियो को फर्जी बताया है। मामले के अनुसार बीजेपी से दो बार मेयर रह चुके धर्मेंद्र गहलोत ने दावा किया है कि उनके पास एक पेन ड्राइव में है, जिसमें फर्जी पट्‌टे का मुद्दा विधानसभा में उठाने का जिक्र है। इसके अलावा जमीन को लेकर बातचीत में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रियशील हाड़ा की आवाज है। अजमेर नगर निगम में नियम के विरूद्ध पट्‌टे जारी करने को लेकर बाड़मेर के शिव से विधायक रविन्द्र सिंह भाटी ने सदन में ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लगाया था। इस पर जवाब देते हुए यूडीएच मंत्री झाबरसिंह खर्रा ने फर्जी पट्‌टा जारी करने के मामले में उपायुक्त विकास, वरिष्ठ प्रारूपकार, कनिष्ठ अभियंता सिविल और कनिष्ठ सहायक को एपीओ किया था। वहीं, पिछले 6 महीने में जारी किए गए पट्‌टों की अजमेर कलेक्टर लोकबंधु को जांच कर तथ्यात्मक रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए थे। पूर्व मेयर धर्मेन्द्र गहलोत ने अपनी पत्नी हेमा के नामांकन के दौरान एक पेनड्राइव का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कोई पैनड्राइव देकर गया है, इसकी सत्यता पर विश्वास नहीं करता। लेकिन इसमें भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रियशील हाड़ा की आवाज है।

धर्मेंद्र गहलोत के इस बयान के बाद भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रियशील हाड़ा ने इस ऑडियो को फर्जी बताया है। उन्होंने कहा कि आगामी 11 सितंबर को होने वाले नगर निगम चुनावों के मद्देनजर कुछ राजनीतिक विरोधियों और निहित स्वार्थ वाले तत्वों की ओर से घिनौनी साजिश रची जा रही है। सोशल मीडिया पर एक कथित ऑडियो क्लिप तेजी से प्रसारित की जा रही है, यह ऑडियो सौ प्रतिशत फर्जी, काल्पनिक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का उपयोग करके बनाया गया है। इस प्रकार की तकनीक का दुरुपयोग करके मेरी छवि को धूमिल करने और जनता के बीच भ्रम फैलाने का असफल प्रयास किया जा रहा है। मेरी आवाज और बयानों को तोड़-मरोड़कर जो दुष्प्रचार किया जा रहा है,वह पूरी तरह से निराधार है। इस तरह के भ्रामक और मनगढ़ंत ऑडियो पर बिल्कुल भी विश्वास न करें। इस मामले में साइबर सेल और संबंधित कानूनी विशेषज्ञों से संपर्क करके उनकी राय से विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

Amit
Author: Amit

Leave a Comment