Toggle Test

विभाजन की विभीषिका से युवाओं को अवगत कराना और राष्ट्र प्रथम का भाव जगाना ही उद्देश्य- देवनानी

विभाजन विभीषिका एवं हर घर तिरंगा के संबंध में प्रदशर्नी का शुभारम्भ

अजमेर। विभाजन विभीषिका एवं हर घर तिरंगा के संबंध में प्रदशर्नी का शुभारम्भ विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने गुरूवार को सूचना केन्द्र प्रदशर्नी दीर्घा में किया। यह प्रदशर्नी आगामी 3 दिवस के लिए प्रदर्शित रहेगी। इसके माध्यम से विभाजन की विभीषिका से रूबरू हुआ जा सकता है। साथ ही राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा के प्रति सम्मान को भी देखा जा सकता है।

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि वर्ष 2021 में देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की गई थी। इस दिवस को मनाने का मुख्य उद्देश्य हमारी नई पीढ़ी को अतीत और अपनी विरासत के बारे में जागरूक करना है। इस आयोजन के माध्यम से युवा पीढ़ी को यह जानने का अवसर मिलता है कि भारत विभाजन के कठिन समय में लाखों लोगों ने अपार कष्ट सहन किए। लाखों व्यक्तियों ने अपने प्राणों की बाजी लगाई। सब कुछ छोड़कर भारत आए। उन्होंने कहा कि विस्थापन और भारी संघर्ष के बावजूद विस्थापित व्यक्तियों ने अपार मेहनत के साथ खुद को पुनः स्थापित किया। उन व्यक्तियों ने भारत के निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। यह संघर्ष और त्याग की एक ऐसी गाथा है, जिससे नई पीढ़ी का परिचित होना अत्यंत आवश्यक है। इससे युवाओं में राष्ट्र के प्रति दृढ़ संकल्प और राष्ट्र प्रथम की भावना विकसित होगी। भविष्य में कोई भी देश की ओर आंख उठाकर न देख सकेगा। इससे हमारा देश हमेशा सुरक्षित एवं अखंड रहेगा। शहर अध्यक्ष रमेश सोनी ने कहा कि विभाजन के दौरान व्यक्ति अपने प्राणों को हथेली में रखकर अपने जीवन मूल्यों के लिए भारत में आए। अपनी विरासत के साथ भारत में स्थान बनाया। इस प्रदशर्नी से नागरिकों के जीवन में राष्ट्र प्रथम का भाव स्थाई रहेगा। यह नई पीढ़ी पुराने लोगों के त्याग, तपस्या को जाने और अपने जीवन की रचना करे। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रामप्रकाश ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज हमारे देश की पहचान है। इस पर हमें गर्व है। प्रत्येक व्यक्ति को स्वाधीनता दिवस के अवसर पर अपने घर तथा प्रतिष्ठान पर तिरंगा झण्डा अवश्य लगाना चाहिए। राष्ट्रीय ध्वज के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करते हुए पूरे सम्मान के साथ हर घर पर तिरंगा लगाया जाना चाहिए।  अतिरिक्त जिला कलक्टर वन्दना खोरवाल ने कहा कि जिले के समस्त ग्रामों तथा शहरी वार्डों में हर घर तिरंगा अभियान के तहत राष्ट्रीय ध्वज लगाए जाएंगे। आगामी 17 अगस्त तक यह अभियान चलेगा। इसमें आमजन को बढ़-चढ़ कर भाग लेना चाहिए। इस अवसर पर सूचना एवं जन सम्पर्क कार्यालय के उप निदेशक भानू प्रताप सिंह गुर्जर सहित बडी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Amit
Author: Amit

Leave a Comment

और पढ़ें