Toggle Test

राजस्थान में निजी बस ऑपरेटरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल, 10 अगस्त रात 11:59 बजे से बसों का संचालन बंद

निजी बस ऑपरेटरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान, 10 अगस्त रात से थमेगा बसों का संचालन

जयपुर, 9 अगस्त। परिवहन विभाग की लगातार चालानी एवं अन्य कार्रवाई के विरोध में राजस्थान के निजी बस ऑपरेटरों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है। ऑल राजस्थान कॉन्ट्रैक्ट कैरिज बस ऑपरेटर एसोसिएशन ने घोषणा की है कि प्रदेशभर में निजी बसों का संचालन 10 अगस्त की रात 11:59 बजे से बंद रहेगा।
हड़ताल के कारण निजी बसों से सफर करने वाले यात्रियों को आने वाले दिनों में आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। खासतौर पर अंतरजिला और लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को वैकल्पिक परिवहन साधनों का सहारा लेना पड़ सकता है।


परिवहन विभाग की कार्रवाई से नाराज बस ऑपरेटर
जयपुर के एक निजी होटल में प्रदेशभर के बस ऑपरेटरों और विभिन्न बस संगठनों की प्रांतीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेन्द्र शर्मा ने कहा कि परिवहन विभाग की ओर से बस संचालकों के खिलाफ लगातार की जा रही कार्रवाई को लेकर व्यवसायियों में नाराजगी है।
बैठक में राजस्थान के विभिन्न जिलों से पहुंचे बस मालिकों और ऑपरेटरों ने चर्चा के बाद सामूहिक रूप से अनिश्चितकालीन आंदोलन का निर्णय लिया।
ऑनलाइन और एडवांस बुकिंग भी बंद रखने के निर्देश
एसोसिएशन ने प्रदेश के सभी बस ऑपरेटरों और ट्रैवल एजेंटों को हड़ताल समाप्त होने तक निजी बसों की अग्रिम एवं ऑनलाइन बुकिंग बंद रखने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही ऑनलाइन ट्रैवल प्लेटफॉर्म पर भी बुकिंग विंडो बंद रखने को कहा गया है।
एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि हड़ताल के दौरान निर्देशों का उल्लंघन करते हुए बुकिंग करने वाले बस ऑपरेटर या एजेंट के खिलाफ संगठनात्मक स्तर पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।
मांगों के समाधान तक जारी रहेगा आंदोलन
बस ऑपरेटरों का कहना है कि यह आंदोलन किसी एक व्यक्ति या संगठन तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेशभर के बस व्यवसाय से जुड़े लोगों के हितों से जुड़ा सामूहिक आंदोलन है। ऑपरेटरों ने परिवहन विभाग की कार्रवाई और अपनी मांगों का स्थायी समाधान किए जाने की मांग की है।
संगठन ने कहा है कि जब तक उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक हड़ताल जारी रखी जाएगी। साथ ही प्रदेश के सभी बस ऑपरेटरों और ट्रैवल एजेंटों से सामूहिक निर्णय का पालन करते हुए आंदोलन को सफल बनाने की अपील की गई है।यात्रियों के लिए जरूरी: निजी बस से यात्रा की योजना बना रहे यात्रियों को 10 अगस्त की रात के बाद अपनी यात्रा से पहले बस सेवा और बुकिंग की स्थिति की पुष्टि कर लेना उचित रहेगा।

APOORV SEN
Author: APOORV SEN

Leave a Comment